'तेरी वीडियो बन गई बेटे': दो भाइयों में विवाद... हाथ में डंडे और दिनदहाड़े फायरिंग पर फायरिंग; इलाके में दहशत
नोएडा के सोरखा गांव में बुधवार दोपहर जमीनी रंजिश के चलते दो पक्षों में विवाद हो गया। जहां मारपीट और कई राउंड हवाई फायरिंग हुई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो हो गया है।
विस्तार
सोरखा गांव में जमीन के विवाद को लेकर बृहस्पतिवार सुबह दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई और शाम को एक पक्ष ने तीन राउंड हवाई फायरिंग कर दी। फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। गोली लगने से कोई घायल नहीं हुआ है। इस मामले में कोतवाली सेक्टर-113 पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक सोरखा गांव में रहने वाले कृपाल सिंह और सुरेंद्र सिंह सगे भाई हैं। गांव में जमीन को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद चल रहा है। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच बृहस्पतिवार को कहासुनी हो गई। इसके बाद दोनों के बीच झगड़ा बढ़ गया। इसके बाद सुरेंद्र सिंह के तीन बेटों ने मिलकर कृपाल सिंह की पिटाई कर दी। उनको काफी चोट आई है।
अस्पताल में घायल का इलाज चल रहा है। इस विवाद के बाद दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। एक वीडियो में तीन युवक और एक महिला दिखाई दे रही है। दो युवकों के हाथ में डंडे और एक युवक के हाथ में तमंचा है। साथ ही वह हवाई फायरिंग भी करता हुआ दिखाई दे रहा है। वहीं बाकी दो युवक डंडे लेकर आगे बढ़ते हैं और लोगों को धमकी देते हैं। एक युवक पत्थर फेंकते हुए दिखाई दे रहा है।