जीजा को मान लिया दुश्मन: फंसाने के लिए घर में रख दी अवैध पिस्टल, फिर पुलिस को दी सूचना, खुद बताई रंजिश की वजह
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस ने फर्जी आर्म्स केस का पर्दाफाश कर वसीम को गिरफ्तार किया है। उसने पारिवारिक रंजिश में जीजा अशरफ के घर पिस्टल छिपाए थे। उसकी निशानदेही पर 2 और पिस्टल बरामद हुईं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस ने एक फर्जी आर्म्स केस का पर्दाफाश करते हुए एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिसने पारिवारिक रंजिश के चलते अपने जीजा को फंसाने के लिए उनके घर में अवैध हथियार रख दिए थे। वेलकम थाना पुलिस ने आरोपी निवासी सुंदर नगरी दिल्ली निवासी मोहम्मद वसीम (28) को गिरफ्तार कर उसके बताए स्थान से 2 कंट्री मेड पिस्टल बरामद की है। डीसीपी राहुल अलवाल के अनुसार 31 जुलाई 2026 को शस्त्र अधिनियम की जांच के दौरान वेलकम थाना पुलिस टीम ने राजीव कॉलोनी, डीएलएफ बॉर्डर, गाजियाबाद स्थित वसीम की मोबाइल रिपेयर की दुकान से उसे गिरफ्तार किया।
पूछताछ में पहले तो वसीम ने गुमराह करने की कोशिश की लेकिन बाद में उसने बताया कि उसके जीजा मोहम्मद अशरफ (29) ने उसकी साली से परिवार की मर्जी के खिलाफ शादी की थी, जिससे वह नाराज था। इसी दुश्मनी में वसीम ने अलग-अलग मौकों पर अशरफ के वेलकम स्थित किराए के घर में 3 अवैध पिस्टल छिपा दिए थे।
इसके बाद वसीम ने अर्जुन नाम से फर्जी कॉल कर पुलिस को सूचना दी। 16 जुलाई 2026 को इसी सूचना पर पुलिस ने अशरफ के घर से एक अवैध पिस्टल बरामद कर उसे गिरफ्तार किया था। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है ताकि साजिश के सभी पहलुओं का पता लगाया जा सके।
आरोपी की निशानदेही पर दो और पिस्टल बरामद
वसीम की निशानदेही पर पुलिस टीम ने मकान मालिक अनवर और आरोपी अशरफ की मौजूदगी में तलाशी ली। इस दौरान घर से 2 और अवैध पिस्टल बरामद हुईं। नई बरामदगी और खुलासे के आधार पर वेलकम थाने में मामला दर्ज कर वसीम को गिरफ्तार कर लिया गया।