AAP के लिए राघव चड्ढा का नया वीडियो: 'यह छोटा सा ट्रेलर, पिक्चर अभी बाकी है'; बोले- पंजाब मेरा घर है
Raghav Chadha Trailer Video: उपनेता पद हटाए जाने के बाद राघव चड्ढा ने पंजाब के मुद्दे उठाने में विफलता के आरोपों पर सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर जवाब दिया। उन्होंने लिखा है कि यह एक छोटा सा ट्रेलर है, पिक्चर अभी बाकी है।
विस्तार
राज्यसभा में आम आदमी पार्टी (आप) द्वारा उपनेता पद से हटाए जाने के बाद राघव चड्ढा और पार्टी के नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। आरोपों के जवाब राघव चड्ढा सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर दे रहे हैं। रविवार को एक बार फिर राघव चड्ढा ने अपने एक्स अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें वह पंजाब के मुद्दों को सदन में उठाते हुए नजर आ रहे हैं।
राघव चड्ढा ने एक्स पर वीडियो साझा करते हुए लिखा है कि, ''आम आदमी पार्टी (आप) के मेरे उन साथियों के लिए, जिन्हें यह कहते हुए वीडियो जारी करने पर मजबूर होना पड़ा कि 'राघव चड्ढा संसद में पंजाब के मुद्दों को उठाने में विफल रहे', यह एक छोटा सा ट्रेलर है, पिक्चर अभी बाकी है। पंजाब मेरे लिए सिर्फ चर्चा का विषय नहीं है। यह मेरा घर है, मेरा कर्तव्य है, मेरी मिट्टी है, मेरी आत्मा है।''
To my colleagues in AAP who were forced to issue videos saying that “Raghav Chadha failed to raise Punjab’s issues in Parliament”, here is a small trailer…Picture Abhi Baaki Hai.
— Raghav Chadha (@raghav_chadha) April 5, 2026
Punjab isn’t a talking point for me. It is my home, my duty, my soil, my soul❤️ pic.twitter.com/qdTMHK4sqU
कल पार्टी के आरोपों को सिरे से किया था खारिज
राघव चड्ढा ने शनिवार को अपनी पार्टी की ओर से लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए उन्हें झूठा और सुनियोजित अभियान का हिस्सा बताया। आप सांसद ने कहा कि वह संसद में आम आदमी से जुड़े मुद्दे उठाने जाता हूं, हंगामा करने और माइक तोड़ने नहीं।
एक वीडियो संदेश में चड्ढा ने कहा, मैंने कभी विपक्ष के वॉकआउट में हिस्सा लेने से इन्कार नहीं किया और इस तरह के आरोप सफेद झूठ हैं। मैं आलोचकों को चुनौती देता हूं कि वे एक भी ऐसा उदाहरण बताएं जब मैंने विपक्ष के वॉकआउट में भाग नहीं लिया हो। संसद की पूरी कार्यवाही सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड होती है।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़े महाभियोग प्रस्ताव पर हस्ताक्षर नहीं करने के आरोप पर चड्ढा ने कहा, पार्टी के किसी नेता ने मुझसे इस बारे में न तो औपचारिक और न ही अनौपचारिक रूप से संपर्क किया। मेरा ध्यान संसद में जीएसटी, आयकर, दिल्ली का प्रदूषण, पंजाब का पानी संकट, शिक्षा, स्वास्थ्य, रेल यात्रियों की समस्याएं, मासिक धर्म स्वास्थ्य, बेरोजगारी, महंगाई जैसे जनहित के मुद्दे उठाने पर रहा है। मैं संसद में आम आदमी के मुद्दे उठाने जाता हूं, हंगामा करने और माइक तोड़ने नहीं।