Weather Update: दिल्ली-NCR में बदला मौसम का मिजाज, नोएडा समेत कई इलाकों में बरसे बदरा, आज के लिए यलो अलर्ट
देशभर में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। आने वाले दिनों में आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में बारिश का दौर देखने को मिलेगा। खासतौर पर 7 अगस्त को दिल्ली में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली समेत एनसीआर में मानसून जमकर बरस रहा है। ऐसे में बुधवार देर रात से शुरू हुई सावन की पहली अच्छी बारिश का दौर बृहस्पतिवार शाम तक भी चला। सुबह से ही झमाझम बारिश हुई। वहीं, आज भी नोएडा समेत एनसीआर में सुबह से बारिश हो रही है। सप्ताह बाद दिल्ली में इस तरह की बारिश हुई। बारिश से गर्मी से राहत तो मिली, लेकिन यही बारिश आफत भी लेकर आई।
दिल्ली में बारिश का यलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में आसमान में बादल छाए रहेंगे और कई इलाकों में बारिश का दौर देखने को मिलेगा। खासतौर पर 7 अगस्त को दिल्ली में मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 7 अगस्त को अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। सुबह से दोपहर तक कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ इलाकों में तेज बारिश भी हो सकती है। शाम और रात के समय भी हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी। ऐसे में मौसम विभाग ने बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
गुरुवार को कुछ देर की बारिश ने दिल्ली को ''स्विमिंग पूल'' सा बना दिया था। बाजारों में घुटनों तक पानी भर गया था। सदर बाजार में संकरी गलियों में घुटनों तक पानी भर गया था। गंदे पानी और तैरते कचरे के बीच लोगों, बच्चों और खरीदारों को पानी से होकर गुजरना पड़ा। कई दुकानों में पानी भी घुस गया।
वहीं, तड़के सुबह से शुरू हुई बारिश ने गुरुवार को गौतम बुद्ध नगर की यातायात व्यवस्था बिगाड़ दी। शहर के सभी एंट्री प्वाइंटों और प्रमुख मार्गों पर जाम के हालात बने रहे। सुबह दफ्तर और स्कूल जाने के समय लंबा जाम लग गया। मॉडल टाउन गोल चक्कर के सामने स्थित एनएच-9 की मुख्य लेन पर निजी बस खराब होने से वाहनों की लंबी कतार लग गई। सेक्टर-52, पर्थला चौक, कालिंदी कुंज, सेक्टर-18 समेत कई मार्गों का हाल ऐसा ही रहा। आज भी लोगों को जाम का सामना करना पड़ा।
राजधानी में गुरुवार को कनाट प्लेस, आईटीओ, सरदार पटेल मार्ग, पंत मार्ग, बीडी मार्ग, मंडी हाउस, धौला कुआं, आश्रम, कालकाजी, लाजपत नगर, दिल्ली कैंट, जनकपुरी, डाबड़ी, द्वारका, उत्तम नगर आदि जगह समेत कई कॉलोनी व अन्य आवासीय क्षेत्रों में पानी सड़कों और गलियों में भर गया। इससे लोगों को घरों से निकलने में परेशानी हुई। कई जगह वाहन पानी में फंस गए और पैदल चलने वालों को जमा पानी के बीच से गुजरना पड़ा। बारिश का असर सिर्फ निचले इलाकों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि मध्य दिल्ली और प्रमुख मार्गों पर भी पानी भरने की शिकायतें सामने आईं। सड़कें जलमग्न होने से सुबह के समय दफ्तर जाने वाले लोगों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।