दिल्ली में मौसम फिर लेगा करवट: मंगलवार से बढ़ सकती है और ठंड, सुबह-शाम ही नहीं दोपहर में भी चलेगी सर्द हवा
मौसम विभाग ने दिल्ली के साथ ही एनसीआर के विभिन्न हिस्सों में रात को हल्का कोहरा छाने का अनुमान व्यक्त किया है। ऐसे में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे।
विस्तार
दिल्ली में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली के कुछ हिस्सों में शीतल दिन यानी कोल्ड डे की स्थिति रही। दिल्ली के अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में दिल्ली में मौसम फिर करवट लेगा। दिल्ली में 23 दिसंबर से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। आसमान भी साफ रहने के आसार हैं। उससे पहले यानी सोमवार को मध्यम से घना कोहरा देखा जा सकता है।
मौसम विभाग ने दिल्ली के साथ ही एनसीआर के विभिन्न हिस्सों में रात को हल्का कोहरा छाने का अनुमान व्यक्त किया है। ऐसे में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। सुबह के समय कई जगहों पर हल्का कोहरा और कुछ जगहों पर घना कोहरा रहेगा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः लगभग 21 और 09 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
रविवार को दिन सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। दृश्यता भी काफी घट गई। मौसम विभाग के अनुसार, पालम इलाके में रात 10 बजे से 12:30 बजे के बीच हल्के कोहरे के कारण सबसे कम विजिबिलिटी 300 मीटर तक दर्ज की गई। बाद में पूर्व-दक्षिण-पूर्व दिशा से करीब 7 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चली हवाओं के चलते दृश्यता में सुधार हुआ और यह बढ़कर 600 मीटर हो गई। वहीं, सफदरजंग क्षेत्र में तड़के 1:30 बजे से 2:30 बजे के बीच हालात और ज्यादा खराब रहे, जहां हल्के कोहरे में विजिबिलिटी घटकर 200 मीटर तक पहुंच गई। इसके बाद धीरे-धीरे हालात बेहतर हुए और सुबह 5:30 बजे तक विजिबिलिटी बढ़कर 500 मीटर दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने वाहन चालकों को कोहरे के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है। इसके अलावा, लोग दिन के समय भी अलाव का सहारा लेते दिखे। बर्फीली सर्द हवाओं ने दिनभर आसमान में डेरा जमाए रखा। ऐसे में लोगों को सिहरन महसूस हुई। इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से 4.1 डिग्री कम के साथ 18.1 और न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री दर्ज हुआ। यह सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक रहा। दिल्ली में अधिकतम आर्द्रता 100 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 80 प्रतिशत रही। वहीं, रिज सबसे ठंडा इलाका रहा। यहां न्यूनतम पारा 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा, आया नगर में 11.2, लोधी रोड 10.2 में व पालम में 10 न्यूनतम पारा दर्ज किया गया।
23 दिसंबर से मौसम के करवट लेने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, 23 दिसंबर से मौसम के करवट लेने की संभावना जताई है। इस दिन दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से हवाएं चलने का अनुमान जताया है। इस दिन आसमान साफ रहेगा। इससे प्रदूषण में कुछ कमी आ सकती है। हालांकि, सुबह के वक्त हल्का से मध्यम कोहरा छाने का अनुमान है। मौसम विभाग की मानें तो इसके बाद हवा की स्पीड में कमी आएगी। साथ ही गलन के साथ ठंड के बढ़ने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने 24 दिसंबर को भी आसमान साफ रहने और सुबह के वक्त हल्का से मध्यम कोहरा छाने का अनुमान जताया है। दिल्ली में दोपहर के वक्त 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से हवाएं चलने का अनुमान है। इससे पलूशन में कमी आ सकती है। दिल्ली में 22 और 24 दिसंबर को न्यूनतम तापमान के 8 से 10 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है। 24 दिसंबर के बाद दिल्ली के तापमान में और गिरावट देखी जाएगी।
कब घोषित होती है दिन में शीत लहर?
जब अधिकतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस से 6.4 डिग्री सेल्सियस तक या इससे कम हो तो दिन में शीत लहर घोषित की जाती है। वहीं यदि अधिकतम तापमान सामान्य से 6.4 डिग्री से भी कम हो जाए तो, उसे दिन की तीव्र शीत लहर घोषित किया जाता है। रात की शीत लहर से अधिक घातक दिन की शीत लहर होती है।