{"_id":"69c9ce87d7baf889640ea285","slug":"yamuna-city-a-woman-died-after-falling-headlong-on-the-road-due-to-a-bus-suddenly-moving-2026-03-30","type":"story","status":"publish","title_hn":"Yamuna City: अचानक बस चलने से सिर के बल रोड पर गिरी महिला की मौत, प्रारंभिक जांच में ड्राइवर-कंडक्टर दोषी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Yamuna City: अचानक बस चलने से सिर के बल रोड पर गिरी महिला की मौत, प्रारंभिक जांच में ड्राइवर-कंडक्टर दोषी
सिमरन, अमर उजाला, यमुना सिटी
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Mon, 30 Mar 2026 06:45 AM IST
विज्ञापन
सार
हादसा बस से उतरने के दौरान हुआ। सिर में चोट लगने के कारण महिला बेहोश हो गई और मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल उसे नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। जिसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
demo
- फोटो : पीटीआई
विज्ञापन
विस्तार
जेवर थाना क्षेत्र में प्राइवेट बस में यात्रा कर रही महिला अचानक गिर गई। हादसा बस से उतरने के दौरान हुआ। सिर में चोट लगने के कारण महिला बेहोश हो गई और मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल उसे नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई। जिसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
Trending Videos
पुलिस के अनुसार घटना शनिवार देर रात की है। एक प्राइवेट बस लखनऊ से सवारियां लेकर दिल्ली की ओर आ रही थी। इस बस में दिल्ली के हर्ष विहार निवासी पुष्पा शर्मा अपने बेटे के साथ सफर कर रही थीं। रात लगभग 2:30 बजे जैसे ही बस जेवर टोल के पास पहुंची तो 39.5 माइल स्टोन, शिवा ढ़ाबा के सामने बस अचानक खराब हो गई। ड्राइवर और कंडक्टर ने बस स्टार्ट करने की काफी कोशिश की, लेकिन बस स्टार्ट नहीं हुई। जिसके बाद बस के ड्राइवर और कंडक्टर ने बस स्टार्ट करने के लिए सवारियों से ही काफी दूर तक धक्का लगवाया।
विज्ञापन
विज्ञापन
इसके बाद भी जब स्टार्ट नहीं हुई तो ड्राइवर ने बस को किनारे खड़ा कर दिया और स्टार्ट करने की कोशिश करने लगा। बस को रुका हुआ देखकर उसमें सवार पुष्पा शर्मा नीचे उतरने लगी। तभी अचानक बस स्टार्ट होकर आगे बढ़ गई और वह झटके से सिर के बल नीचे गिरी, जिसके कारण उनके गंभीर चोट आई। मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें तत्काल नजदीक के अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
एक्सप्रेसवे के टोल फ्री नंबर पर कर सकते कॉल : ड्राइवर और कंडक्टर ने बस खराब होने पर यात्रियों से धक्का लगवाया। जबकि उन्हें यमुना एक्सप्रेसवे के टोल फ्री नंबर पर मदद के लिए कॉल करनी चाहिए थी। एक्सप्रेसवे अथॉरिटी की ओर से आमजनों की सुविधा के लिए टोल फ्री नंबर जारी किए गए हैं।
बिना हैंडब्रेक लगाए गाड़ी स्टार्ट कर रहा था ड्राइवर
पुलिस की प्रारंभिक जांच में ड्राइवर और कंडक्टर की लापरवाही सामने आई है। ड्राइवर-कंडक्टर ने पहले सवारियों को बस से नीचे उतारकर उनसे धक्का लगवाया। इसके बाद वह बिना हैंडब्रेक लगाए गाड़ी स्टार्ट कर रहा था। अचानक जब बस स्टार्ट हुई तो गेयर में होने के कारण वह आगे बढ़ गई और बस में जोरदार झटका लगा। इसी कारण दिल्ली निवासी महिला झटका खाकर बस से नीचे गिर गई।
लखनऊ में रिश्तेदार के घर गई थीं
दिल्ली निवासी पुष्पा शर्मा अपने बेटे के साथ लखनऊ में रिश्तेदारी में गई थी। शनिवार शाम को वह दिल्ली वापस आने के लिए बस में बैठी थी। रविवार सुबह उनकी बस दिल्ली पहुंचनी थी, लेकिन रात में ही यह हादसा हो गया। घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नोएडा भेजा और महिला के परिवार को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलने पर उसके परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। पोस्टमार्टम के बाद शव उनके सुपुर्द कर दिया गया है।
लिखित शिकायत मिलने पर दर्ज होगी प्राथमिकी
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत होे गई। शव को परिवार के सुपुर्द कर दिया गया है। अभी कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।