CUET UG 2026: सीयूईटी यूजी का फॉर्म भरने का आखिरी मौका, आज रात 11.59 बजे से पहले-पहले जमा कर दें आवेदन
CUET UG 2026 Registration: सीयूईटी यूजी 2026 के लिए फिर से खोली गई आवेदन विंडो अब बंद होने वाली है। पंजीकरण करने का आज आखिरी मौका है। इच्छुक उम्मीदवारों के पास आज रात 11.59 बजे तक समय है। इसके बाद कोई सुधार या अतिरिक्त विस्तार नहीं दिया जाएगा।
विस्तार
CUET UG 2026 Registration: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी आज, 26 फरवरी 2026 को कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट के लिए दोबारा खोली गई आवेदन विंडो बंद कर देगी। गौरतलब है कि एनटीए ने आवेदन से चूके उम्मीदवारों को एक और अवसर देते हुए 23 से 26 फरवरी तक आवेदन विंडो फिर से खोली थी।
पहले आवेदन प्रक्रिया इस माह की शुरुआत में समाप्त हो चुकी थी, लेकिन उम्मीदवारों की ओर से मिले अनुरोधों के बाद एनटीए ने विशेष अवसर प्रदान करते हुए पंजीकरण विंडो दोबारा खोली थी। यह विंडो आज रात 11.59 बजे बंद हो जाएगी।
यह प्रवेश परीक्षा अस्थायी कार्यक्रम के अनुसार 11 मई से 31 मई 2026 के बीच कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित की जाएगी। परीक्षा देशभर के विभिन्न शहरों के साथ-साथ चुनिंदा विदेशी केंद्रों पर भी आयोजित होगी।
26 फरवरी तक विशेष मौका
एजेंसी के अनुसार, सीयूईटी यूजी 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ में 3 जनवरी से 30 जनवरी 2026 तक खुली थी। आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 31 जनवरी (रात 11:50 बजे) निर्धारित थी। बाद में इसे बढ़ाकर 4 फरवरी कर दिया गया था और शुल्क भुगतान 7 फरवरी तक स्वीकार किया गया।
इसके बाद, नए निर्णय के तहत आवेदन और शुल्क भुगतान की सुविधा 23 फरवरी (दोपहर) से शुरू होकर 26 फरवरी 2026 (रात 11:50 बजे) तक उपलब्ध है। एनटीए ने स्पष्ट किया है कि यह एक विशेष विस्तार है और इसके बाद किसी अतिरिक्त समय की घोषणा नहीं की गई है।
आवेदन के बाद सुधार का अवसर नहीं
एनटीए ने यह भी स्पष्ट किया है कि इस विशेष अवधि के बाद किसी प्रकार की सुधार (करेक्शन) विंडो उपलब्ध नहीं होगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन पत्र भरते समय सभी विवरण सावधानीपूर्वक दर्ज करें। फॉर्म जमा करने से पहले उम्मीदवार निम्न बिंदुओं की जांच अवश्य कर लें:
- व्यक्तिगत जानकारी
- विषयों का चयन
- अपलोड किए गए दस्तावेज
- आवेदन शुल्क भुगतान की स्थिति
एक बार आवेदन सबमिट होने के बाद किसी भी परिस्थिति में बदलाव की अनुमति नहीं होगी।
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
इच्छुक अभ्यर्थी निम्न चरणों का पालन कर आवेदन कर सकते हैं:
- सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट cuet.nta.nic.in पर जाएं।
- सीयूईटी यूजी 2026 के लिए उपलब्ध आवेदन लिंक पर क्लिक करें।
- बुनियादी विवरण दर्ज कर पंजीकरण करें और लॉगिन विवरण प्राप्त करें।
- व्यक्तिगत, शैक्षणिक और संपर्क संबंधी जानकारी भरें।
- निर्धारित प्रारूप में फोटो, हस्ताक्षर और अन्य आवश्यक दस्तावेज अपलोड करें।
- ऑनलाइन माध्यम से आवेदन शुल्क का भुगतान करें।
- आवेदन पत्र जमा कर पुष्टि पृष्ठ डाउनलोड कर भविष्य के लिए सुरक्षित रखें।
उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि अंतिम समय तक प्रतीक्षा न करें और निर्धारित समयसीमा से पहले ही आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि तकनीकी समस्याओं से बचा जा सके।