CBSE Answer Book: अब काम कर रहा सीबीएसई का पोर्टल, तीन घंटे में मिले 1.27 लाख आवेदन; बोर्ड ने दी जानकारी
CBSE: सीबीएसई ने बताया कि कक्षा 12वीं की स्कैन कॉपी के लिए ऑनलाइन पोर्टल अब सुचारु रूप से काम कर रहा है। पोर्टल खुलने के तीन घंटे में 1.27 लाख से ज्यादा आवेदन आए। बोर्ड ने छात्रों से बार-बार आवेदन न करने और केवल आधिकारिक लिंक इस्तेमाल करने की अपील की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
CBSE Class 12 Answer Book Portal: सीबीएसई ने कक्षा 12वीं की उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी प्राप्त करने के लिए शुरू किए गए ऑनलाइन पोर्टल को लेकर बड़ा अपडेट जारी किया है। बोर्ड ने बताया कि पोर्टल अब पूरी तरह सुचारु रूप से काम कर रहा है और छात्र सफलतापूर्वक आवेदन जमा कर रहे हैं।
सीबीएसई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि 20 मई 2026 को शाम 7:30 बजे तक केवल तीन घंटे के भीतर 1,27,146 आवेदन सफलतापूर्वक जमा किए गए। इन आवेदनों के जरिए कुल 3,87,399 स्कैन की गई उत्तर पुस्तिकाओं की मांग की गई है। बोर्ड ने छात्रों को सलाह दी है कि वे आधिकारिक लिंक के माध्यम से ही आवेदन प्रक्रिया पूरी करें।
बोर्ड ने स्वीकार की तकनीकी दिक्कत की बात
बोर्ड ने यह भी स्वीकार किया कि पोर्टल खुलने के बाद अचानक बढ़े ट्रैफिक की वजह से कुछ छात्रों को तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। खासकर पेमेंट स्टेटस अपडेट होने में देरी की शिकायतें सामने आई थीं। हालांकि सीबीएसई ने स्पष्ट किया कि अब पोर्टल सामान्य रूप से कार्य कर रहा है और छात्रों को बार-बार आवेदन या भुगतान करने से बचना चाहिए।
सीबीएसई ने छात्रों, अभिभावकों और स्कूलों को सहयोग के लिए धन्यवाद भी दिया है। बोर्ड ने कहा कि पोस्ट-वेरिफिकेशन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और छात्र हितैषी बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
100 रुपये देकर प्राप्त कर सकते हैं उत्तर पुस्तिका
गौरतलब है कि हाल ही में कक्षा 12वीं के परिणाम जारी होने के बाद बड़ी संख्या में छात्रों ने अपनी उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी प्राप्त करने के लिए आवेदन करना शुरू किया था। इससे पहले तकनीकी समस्याओं के कारण बोर्ड को आवेदन की अंतिम तिथि भी बढ़ानी पड़ी थी। सीबीएसई ने स्कैन कॉपी प्राप्त करने की फीस में भी बड़ी कटौती की है। अब छात्र 100 रुपये देकर अपनी उत्तर पुस्तिका की स्कैन कॉपी प्राप्त कर सकते हैं, जबकि पहले इसके लिए 700 रुपये देने पड़ते थे।