UGC NET December 2025: यूजीसी नेट की संशोधित अंतिम उत्तर कुंजी जारी, हिस्ट्री-कॉमर्स में हुआ बदलाव
UGC NET December 2025: यूजीसी नेट दिसंबर 2025 की संशोधित फाइनल आंसर की जारी हो गई है। हिस्ट्री में 4 प्रश्न हटाए गए और 3 में दो सही उत्तर दिए गए हैं। कॉमर्स में भी बदलाव हुआ है। कोर्ट के निर्देश पर यह संशोधन किया गया।
विस्तार
UGC NET December 2025 Final Answer Key: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने यूजीसी नेट दिसंबर 2025 सत्र की संशोधित फाइनल आंसर की जारी कर दी है। यह संशोधन दिल्ली हाई कोर्ट के निर्देशों के बाद किया गया है। इससे पहले 3 अप्रैल को जारी की गई फाइनल आंसर की में सभी विषय शामिल नहीं थे और केवल हिस्ट्री, इकोनॉमिक्स, एजुकेशन, कॉमर्स और हिंदी विषयों की आंसर की जारी की गई थी।
हिस्ट्री पेपर में सबसे ज्यादा बदलाव
संशोधित आंसर की में हिस्ट्री विषय में सबसे अधिक बदलाव किए गए हैं। एनटीए ने इस पेपर से चार प्रश्न हटा दिए हैं, जबकि तीन प्रश्नों को दो सही उत्तरों वाला माना गया है। यह बदलाव अभ्यर्थियों द्वारा उठाई गई आपत्तियों के बाद किया गया है। इस विषय में करीब 60,777 उम्मीदवार शामिल हुए थे।
कॉमर्स में भी किए गए बदलाव
कॉमर्स पेपर (3 जनवरी, प्रथम शिफ्ट) में तीन प्रश्न हटा दिए गए हैं और एक प्रश्न के दो सही उत्तर स्वीकार किए गए हैं। इससे संबंधित उम्मीदवारों के परिणाम पर भी प्रभाव पड़ सकता है।
अन्य विषयों में कोई बदलाव नहीं
इकोनॉमिक्स, एजुकेशन और हिंदी विषयों की आंसर की में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इकोनॉमिक्स की परीक्षा 7 जनवरी को हुई थी, जबकि एजुकेशन और कॉमर्स की परीक्षा 3 जनवरी को आयोजित हुई थी।
कोर्ट केस के बाद हुआ संशोधन
यह पूरा मामला छात्र कार्तिकेय काहोल द्वारा दायर याचिका के बाद शुरू हुआ था, जिसमें चार प्रश्नों को चुनौती दी गई थी। इसके बाद कोर्ट के निर्देश पर एनटीए ने दोबारा समीक्षा कर संशोधित आंसर की जारी की है।
जल्द जारी होंगे संशोधित परिणाम
अब उम्मीद है कि संशोधित आंसर की के आधार पर परिणाम भी जल्द जारी किए जाएंगे। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट ugcnet.nta.ac.in से आंसर की डाउनलोड कर सकते हैं।