'मैं कोई सड़क पर छोड़ा हुआ इंसान नहीं हूं'; ट्रोल करने वालों को राहुल रॉय ने दिया तगड़ा जवाब; कहा- 'जिंदा हूं'
Rahul Roy Reply to Trollers: अभिनेता राहुल रॉय एक कंटेंट क्रिएटर के साथ बनाए गए अपने वायरल वीडियो के बाद खूब सुर्खियों में हैं। इसके बाद कुछ लोगों ने उन्हें काफी ट्रोल किया। उन्हें अब एक्टर ने मुंहतोड़ जवाब देते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राहुल रॉय पिछले कुछ दिनों से चर्चा मे हैं। इसकी शुरुआत उनके एक वायरल वीडियो से हुई, जो उन्होंने एक कंटेंट क्रिएटर के साथ बनाया था। इस वीडियो पर लोगों ने जब उन्हें ट्रोल किया तो एक्टर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया था और बताया था कि उनके कुछ कानूनी मसले हैं और कुछ काम हैं। इसके लिए वे काम कर रहे हैं। अब आज रविवार को एक्टर ने एक और पोस्ट शेयर कर ट्रोलर्स को जवाब दिया है।
बहन-बहनोई के साथ रहते हैं राहुल रॉय
राहुल रॉय ने अपने पिछले पोस्ट में लिखा था, 'अगर आपको सच में मेरी चिंता है तो काम दिलवाने में मेरी मदद करें, ताकि मैं अपने केसों का भुगतान कर सकूं'। इसके बाद राहुल रॉय की मदद के नाम पर कथित तौर पर कुछ फेक वीडियो बन रहे हैं। इस पर उन्होंने रिएक्शन दिया है और लोगों को चेताया है। साथ ही ट्रोल करने वालों को भी जवाब दिया है कि वे एक अच्छी जिंदगी जी रहे हैं। अपने बहन-बहनोई के साथ रहते हैं और वे उनका अच्छे से ख्याल रख रहे हैं।
बोले- 'मैं सड़क पर छोड़ा हुआ इंसान नहीं'
राहुल रॉय ने पोस्ट शेयर कर लिखा है, 'आप सभी का धन्यवाद जिन्होंने मुझ पर इतना प्यार और साथ बरसाया। यह मैसेज सभी नफरत करने वालों, ट्रोलर्स और फेक वीडियो बनाने वालों के लिए है। मैं सुरक्षित हूं और मेरी बहन और जीजाजी मेरा बहुत अच्छे से ख्याल रख रहे हैं। मैं अपनी बहन के घर पर ही रहता हूं। हमारा मध (Madh) में एक बहुत प्यारा घर है और मेरी बहन मुझसे बहुत प्यार करती है, जिसकी वजह से मैं दुनिया का सबसे खुशनसीब भाई हूं। मेरा जुड़वां भाई रोहित रॉय कनाडा में रहता है। बदकिस्मती से रोहित के काम के दबाव की वजह से मैं उससे लगभग नौ वर्षों से नहीं मिल पाया हूं। मेरे पास कपड़े हैं, जूते हैं, खाना है, गाड़ी है; मैं कोई सड़क पर छोड़ा हुआ इंसान नहीं हूं।
फेक वीडियो से रहें सावधान
राहुल रॉय ने आगे लिखा है, 'जिस तरह के फेक वीडियो सामने आ रहे हैं, वे सच नहीं हैं। मेरी बहन हरि मां और मेरे जीजाजी रोमीर सेन ने मुझे सब कुछ दिया है। प्लीज, उनकी मानसिक शांति भंग न करें। वे ही हैं, जो अब मेरे पास बचे हैं। मेरी दिक्कत यह है कि मुझे सादगी से रहना और आसान चीजें पहनना पसंद है। मैं सादे कपड़े पहनता हूं यह मेरी अपनी पसंद है। मेरे परिवार ने मुझे बेहतरीन से बेहतरीन कपड़े दिए हैं, लेकिन मैं सादे कपड़े ही पहनता हूं। यह मेरी निजी पसंद है। मैं बॉडीगार्ड नहीं रखता, यह भी मेरी अपनी पसंद है। अगर कभी मैं ऑटो से सफर करता हूं, तो इसलिए क्योंकि वह आसान और तेज होता है। यह भी मेरी अपनी पसंद है। मैंने वे रील्स सादगी से बनाई थीं, न कि किसी चालाकी भरे इरादे से। वह मेरा काम था, न कि मेरे लिए कोई आर्थिक मदद'।
'अगर फिल्म मिली तो आप मुझे जल्द फिल्मों में देखेंगे'
एक्टर लिखते हैं, 'मैं मानता हूं कि काम तो काम होता है। यह मेरी अपनी सोच है। मेरे फैसले मेरी अपनी मर्जी के होते हैं। मैंने काफी लंबे समय तक अच्छे काम का इंतजार किया, लेकिन वह नहीं मिला। मैं यूं ही हाथ पर हाथ धरे बैठकर खुद को बर्बाद नहीं कर सकता। और हां, मुझे अपने निजी कोर्ट केस भी देखने हैं, जिनकी देखभाल मुझे ही करनी है। अगर कोई भी वीडियो बनाकर यह दावा करता है कि वे मेरी मदद कर रहे हैं, या उन्हें मेरी आर्थिक मदद के लिए पैसे चाहिए, तो प्लीज ऐसे लोगों पर ध्यान न दें। हमेशा सबसे पहले भरोसेमंद सोर्स से ही जानकारी की पुष्टि करें। इनके अलावा किसी और सोर्स पर कभी भी भरोसा न करें। अब तक मैंने किसी भी न्यूज चैनल, मैगजीन, पॉडकास्टर या यूट्यूबर को कोई इंटरव्यू नहीं दिया है। सकारात्मक रहें। अगर मुझे कोई अच्छी फिल्म मिलती है, तो आप मुझे फिर से फिल्मों में देखेंगे। तब तक, मैं जो काम कर रहा हूं, उसमें मुझे देखते रहें। मैं जिंदा हूं'।