अमिताभ बच्चन या जावेद अख्तर, महिलाओं में कौन था ज्यादा पॉपुलर? जवाब सुनकर फरहान अख्तर की भी नहीं रुकी हंसी
Amitabh Bachchan Birthday Celebrations: केबीसी के मंच पर अमिताभ बच्चन का जन्मदिन मनाया गया। इस दौरान बिग बी से जुड़े कई किस्से सुनने को मिले। इस दौरान महिलाओं में कौन ज्यादा पॉपुलर था- अमिताभ बच्चन या जावेद अख्तर, चलिए जानते हैं।
विस्तार
‘कौन बनेगा करोड़पति’ का इस बार का एपिसोड बेहद खास रहा। वजह थी सदी के महानायक अमिताभ बच्चन का जन्मदिन। बिग बी के 83वें जन्मदिन पर प्रसारित हुआ यह विशेष एपिसोड पुराने दोस्तों, हंसी-मजाक और यादों से भरा रहा। इस मौके पर अमिताभ बच्चन के साथ मंच पर बैठे थे मशहूर गीतकार और लेखक जावेद अख्तर और सवाल पूछने की कमान संभाली थी उनके बेटे फरहान अख्तर ने।
अमिताभ और जावेद की दोस्ती ने सजाई शाम
कार्यक्रम की शुरुआत होते ही मंच पर जब अमिताभ और जावेद अख्तर आमने-सामने बैठे, तो माहौल ही बदल गया। दोनों की दोस्ती और एक-दूसरे के प्रति अपनापन देखकर दर्शकों के चेहरे पर मुस्कान आ गई। फरहान ने बातचीत के दौरान जब उनसे कहा कि 'अब जरा कुछ मजेदार सवाल हो जाएं', तो बिग बी मुस्कुराए और बोले, 'पूछिए फरहान, लेकिन ऐसा नहीं कि मुश्किल में डाल दें।'
A post shared by Sony Entertainment Television (@sonytvofficial)
यह खबर भी पढ़ें: रकुल प्रीत और परिणीति ने पति संग शेयर की तस्वीर, सोनाक्षी-जहीर का दिखा क्यूट अंदाज; देखें सेलेब्स का करवा चौथ
'कौन ज्यादा लोकप्रिय थे महिलाओं में?'
बातचीत के बीच फरहान अख्तर ने एक शरारती सवाल दागा- 'बताइए, जावेद अंकल और अमिताभ अंकल में से कौन महिलाओं के बीच ज्यादा लोकप्रिय थे?' सवाल सुनते ही मंच पर ठहाकों की गूंज फैल गई। अमिताभ बच्चन ने बिना पल गंवाए सीधे उंगली जावेद अख्तर की ओर कर दी। पूरा सेट तालियों और हंसी से गूंज उठा। जावेद ने हैरानी जताते हुए कहा, 'अरे ये भी कोई पूछने वाली बात है?' जिस पर फरहान ने तुरंत हंसते हुए कहा, 'देखिए, खुद ही इशारा कर रहे हैं!'
जब रात में जगाया था दिलीप कुमार को
हंसी-मजाक के बीच जावेद और अमिताभ पुराने दिनों को याद करते हुए किस्से सुनाने लगे। उन्होंने एक पुराना वाकया साझा किया जब दोनों ने एक रात अचानक अपने पसंदीदा अभिनेता दिलीप कुमार को सिर्फ बातें करने के लिए जगा दिया था। बिग बी ने कहा, 'हम दोनों के लिए वो रात कभी नहीं भूलने वाली थी। दिलीप साहब से मिलने का वो अनुभव हमारी जिंदगी का सबसे यादगार पल था।'
जावेद अख्तर ने पुरानी दोस्ती को किया याद
पूरा एपिसोड इस बात का प्रमाण था कि असली रिश्ते उम्र और वक्त से नहीं, बल्कि आपसी सम्मान से बनते हैं। जावेद अख्तर और अमिताभ बच्चन ने अपनी पुरानी दोस्ती, फिल्मों के अनुभव और जीवन के मजेदार पलों को इतने सहज अंदाज में साझा किया कि दर्शक मंत्रमुग्ध रह गए।
बिग बी का बर्थडे सेलिब्रेशन बना यादगार
शो के अंत में ‘कौन बनेगा करोड़पति’ की टीम ने बिग बी के लिए एक सरप्राइज बर्थडे सेलिब्रेशन रखा। पूरे स्टूडियो में 'हैप्पी बर्थडे अमिताभ सर' की गूंज के बीच, जावेद और फरहान ने उन्हें गले लगाकर शुभकामनाएं दीं। अमिताभ ने मुस्कुराते हुए कहा, 'ये मंच, ये लोग और ये प्यार- यही मेरी असली कमाई है।'
