'उनके गीत हमेशा गूंजते रहेंगे'; दिग्गज गायिका आशा भोसले के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया दुख
Asha Bhosle Death: मशहूर गायिका आशा भोसले का आज रविवार 12 अप्रैल को 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। अपने करीब सात दशक के करियर में उन्होंने तमाम फिल्मों के गानों को अपनी खनकती आवाज के जादू से महकाया। उनके निधन की सूचना मिलते ही फिल्म, खेल और राजनीति जगत की हस्तियां उन्हें श्रद्धांजलि दे रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है और परिवार के प्रति संवेदनाएं जताई हैं।
विस्तार
दिग्गज गायिका आशा भोसले नहीं रहीं। उनके निधन पर फिल्म, खेल और राजनीति जगत की हस्तियां श्रद्धांजलि दे रही हैं और दुख जता रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आशा भोसले के निधन पर शोक व्यक्त किया है। साथ ही गायिका के परिवार के प्रति संवेदना जाहिर की है।
प्रधनामंत्री मोदी बोले- 'उनके गीत हमेशा गूंजते रहेंगे'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रख्यात गायिका आशा भोसले के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि आशा भोसले भारत की सबसे प्रतिष्ठित और बहुमुखी आवाजों में से एक थीं, जिनकी संगीत यात्रा ने दशकों तक भारतीय सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध किया। पीएम मोदी ने कहा कि उनके भावपूर्ण गीतों और जीवंत संगीत ने दुनिया भर में लाखों दिलों को छुआ। उन्होंने आशा जी के साथ हुई अपनी मुलाकातों को हमेशा यादगार बताया और कहा कि उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। प्रधानमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति और उनके परिवार, प्रशंसकों तथा संगीत प्रेमियों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।
भारतातील सर्वात ख्यातनाम आणि अष्टपैलू आवाजांपैकी एक असलेल्या आशा भोसले जी यांच्या निधनाने अतिशय दुःख झाले. त्यांच्या अनेक दशकांच्या अद्वितीय संगीत प्रवासाने आपल्या सांस्कृतिक वारशाला समृद्ध केले आणि जगभरातील असंख्य लोकांच्या मनाला स्पर्श केला. भावपूर्ण गीतांपासून ते जोशपूर्ण… pic.twitter.com/JsjoxbdCCt
— Narendra Modi (@narendramodi) April 12, 2026
सीने में संक्रमण के बाद अस्पताल में हुई थीं भर्ती
बता दें कि बीते दिन शनिवार को आशा भोसले की तबीयत बिगड़ने की खबर आई। गायिका की पोती जनाई भोसले ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए उनका हेल्थ अपडेट साझा करते हुए लिखा था, ‘अत्यधिक थकावट और सीने में संक्रमण के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनका इलाज चल रहा है और उम्मीद है कि सब कुछ ठीक हो जाएगा'। गायिका की तबीयत खराब होने के बाद अस्पताल के बाहर फैंस की भीड़ जमा होने लगी। साथ ही आशा भोसले के आवास के बाहर भी लोग एकत्र होने लगे। सभी को आस थी कि गायिका स्वस्थ होकर लौटेंगी, मगर फैंस की यह उम्मीद टूट गई।
जब 'तौबा-तौबा' गाने पर थिरकी थीं आशा ताई, करण औजला हुए थे कायल; 89 की उम्र में रिकॉर्ड किया था यह गाना
कल होगा अंतिम संस्कार
आशा भोसले का अंतिम संस्कार कल सोमवार को होगा। गायिका का पार्थिव शरीर सुबह 11 बजे लोअर परेल में उनके घर पर अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा। शाम 4 बजे दादर के शिवाजी पार्क में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। यही वही जगह है, जहां उनकी बहन लता मंगेशकर का भी अंतिम संस्कार हुआ था।