फ्लाइट में पुरानी को-एक्ट्रेस से मिलकर खुशी से झूमे अनुपम खेर, बोले- ‘उन्हें खुद पर पूरा भरोसा है…’
Anupam Kher Meet Kajal Aggarwal: अनुपम खेर दिन भर की बड़ी-छोटी बातों को सोशल मीडिया पर फैंस के साथ साझा करते हैं। बुधवार को भी अभिनेता ने फिल्म ‘स्पेशल 26’ की अपने को-एक्ट्रेस काजल अग्रवाल से मुलाकात का किस्सा साझा किया है।
विस्तार
एक लंबे अर्से बाद काजल अग्रवाल से अनुपम खेर की मुलाकात हुई। दोनों ने फिल्म ‘स्पेशल 26’ में साथ काम किया था। बुधवार को अनुपम खेर ने एक इंस्टाग्राम पोस्ट शेयर की। इसमें वह काजल अग्रवाल के साथ फ्लाइट में हुई मुलाकात का जिक्र कर रहे हैं। इस मुलाकात को अलग और खास बता रहे हैं। जानिए, अपनी पाेस्ट में अनुपम खेर, काजल अग्रवाल के बारे में क्या लिखते हैं।
अनुपम खेर ने की काजल अग्रवाल की तारीफ
अनुपम खेर कहते हैं, ‘हैदराबाद जाते समय बहुत दिनों बाद जिंदादिल और टैलेंटेड काजल अग्रवाल से मुलाकात हुई। हमने नीरज पांडे की फिल्म ‘स्पेशल 26’ साथ काम किया था। फ्लाइट में बातचीत बहुत मजेदार होती है। कोई ध्यान भटकाने वाली चीज नहीं होती। कोई मोबाइल फोन नहीं है। कोई पर्सनल स्टाफ नहीं जो आपका ध्यान भटकाए। असल में कोई काला चश्मा भी नहीं। उन्हें खुद पर पूरा भरोसा है और वे बहुत सच्ची इंसान हैं। फिल्मों, खाने, स्पा डेस्टिनेशन, कश्मीरी ससुराल वालों और उनके खूबसूरत बेटे के बारे में बढ़िया बातचीत हुई। इतने प्यार और तारीफ के लिए बहुत-बहुत शुक्रिया काजल। हमेशा खुश रहो।’
ये खबर भी पढ़ें: 60 पार की उम्र में भी नए सितारों को टक्कर दे रहे ये दिग्गज अभिनेता, फिटनेस में आगे और अदाकारी में भी है दम
करियर फ्रंट पर क्या कर रहे हैं अनुपम खेर?
हाल ही में अनुपम खेर ने बताया कि वह अपने करियर की 550वीं फिल्म 'खोसला का घोंसला-2' कर रहे हैं। इस फिल्म में उनके साथ बोमन ईरानी भी नजर आएंगे। पिछले दिनों अनुपम खेर ने इस फिल्म की शूटिंग गुरुग्राम, दिल्ली में की। फिल्म ‘खोसला का घोंसला 2’ में अनुपम खेर, बोमन ईरानी के अलावा किरण जुनेजा, रणवीर शौरी, परवीन डाबास और तारा शर्मा जैसे एक्टर्स भी नजर आएंगे।