करण जौहर की ‘उड़ता तीर’ में नजर आएंगे आयुष्मान खुराना, जानें क्या है कहानी और कब रिलीज होगी फिल्म?
Ayushmann Khurrana New Movie: आयुष्मान खुराना करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शन की अगली फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने को तैयार हैं। जानें किसके साथ बनेगी उनकी जोड़ी…
विस्तार
करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शंस और सिखिया एंटरटेनमेंट एक बार फिर साथ आ रहे हैं। दोनों साथ में अब तक 'किल', 'ग्यारह ग्यारह' और 'द लंचबॉक्स' जैसी फिल्में बना चुके हैं। अब चौथी बार दोनों प्रोडक्शन हाउस साथ में कोलैबोरेशन करने जा रहे हैं। इस बार ये लेकर आ रहे हैं 'उड़ता तीर'। यह एक हाई-एनर्जी स्पाई कॉमेडी है जिसमें आयुष्मान खुराना और सारा अली खान मुख्य भूमिका में दिखाई देंगे। फिल्म की रिलीज डेट भी सामने आ गई है।
11 सितंबर को रिलीज होगी फिल्म
आयुष्मान खुराना की फिल्मों का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार रहता है। अब आयुष्मान खुराना कॉमेडी फिल्म लेकर आ रहे हैं। आयुष्मान के ह्यूमर से भरपूर फैमिली एंटरटेनर के लोकप्रिय अंदाज को वापस लाते हुए, 'उड़ता तीर' जासूसी की दुनिया को पूरी तरह से उलट देती है और इसे एक रोमांचक एडवेंचर में बदल देती है। ‘उड़ता तीर 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होनी है।
आकाश ए कौशिक ने किया है निर्देशन
इस फिल्म से आकाश ए कौशिक निर्देशन की दुनिया में कदम रख रहे हैं। आकाश ए कौशिक द्वारा लिखित और निर्देशित इस फिल्म को करण जौहर, आदर पूनावाला, अपूर्वा मेहता, गुनीत मोंगा कपूर और अचिन जैन ने प्रोड्यूस किया है। करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शंस के अंतर्गत आकाश ए कौशिक निर्देशन की दुनिया में कदम रखने वालों की लिस्ट में शामिल नया नाम है। इस फिल्म का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है।
आयुष्मान की पाइपलाइन में हैं कई फिल्में
वर्कफ्रंट की बात करें तो आयुष्मान खुराना आखिरी बार पिछले साल रिलीज हुई हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘थामा’ में नजर आए थे। ये मैडॉक के हॉरर-कॉमेडी यूनिवर्स का हिस्सा थी। इस फिल्म में आयुष्मान के साथ रश्मिका मंदाना, नवाजुद्दीन सिद्दीकी, परेश रावल और फैसल मलिक भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आए थे। वहीं उनकी आगामी फिल्मों में ‘पति पत्नी और वो दो’ और ‘ये प्रेम मोल लिया’ शामिल हैं।
वहीं सारा अली खान आखिरी बार पिछले साल रिलीज हुई ‘मेट्रो इन दिनों’ में नजर आई थीं। यह एक मल्टीस्टारर लव स्टोरी फिल्म थी।
