जुनूनी आशिक बने लक्ष्य; इश्क में तड़पीं अनन्या; 'चांद मेरा दिल' का टीजर रिलीज, यूजर बोले- 'सैयारा की कॉपी'
Chand Mera Dil Teaser: लक्ष्य और अनन्या पांडे की आगामी फिल्म 'चांद मेरा दिल' का टीजर आज मंगलवार को रिलीज हो गया है। इसमें अनन्या और लक्ष्य एक-दूजे के प्यार में डूबे नजर आए हैं। किसिंग सीन की भरमार है।
विस्तार
करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले बनने वाली आगामी फिल्म 'चांद मेरा दिल' का टीजर जारी हो चुका है। फिल्म में लक्ष्य और अनन्या लीड रोल में हैं। आज मंगलवार को रिलीज हुए टीजर में दोनों सितारे एक-दूजे के प्यार में पागल हैं। मगर, फिर इनकी लव स्टोरी में अचानक दर्द आ जाता है। कैसा है टीजर? जानते हैं..
प्यार में 'पागल' हुए लक्ष्य और अनन्या!
फिल्म 'चांद मेरा दिल' के टीजर की शुरुआत में प्यारी सी म्यूजिक धुन बजती है और फिर लक्ष्य की आवाज आती है, 'प्यार में थोड़ा पागल तो होना ही पड़ता है'। इसके बाद अनन्या और लक्ष्य के बीच रोमांटिक सीन्स दिखाए गए हैं। फिर, अनन्या की आवाज आती है, 'हमारी लव स्टोरी तो लीजेंड्री बन गई'। इस पर लक्ष्य कहते हैं, 'लेजेंड्री लव स्टोरी की एंडिंग ही तो ट्रैजिक होती है'। इसके बाद इस लव स्टोरी में एक दुखद मोड़ आता है। अनन्या अपने प्यार के लिए तड़पती दिखी हैं।
किसिंग सीन की भरमार, हिंसक हुए लक्ष्य
फिल्म चूंकि रोमांटिक है, तो इसके टीजर में रोमांटिक सीन्स की भरमार है। टीजर में किसिंग सीन्स भर-भरकर दिखाए गए हैं। इतना तक ठीक है, लेकिन आखिरी के सीन में लक्ष्य को हिंसक रूप में दिखाया है, जो अनन्या पांडे को टॉर्जर करते दिख रहे हैं। इसके अलावा टीजर की एक कमजोर कड़ी यह भी है कि इसमें सिगरेट का इस्तेमाल लगभग हर सीन में है। लगता है कि फिल्म की झलक के साथ-साथ किसी सिगरेट ब्रांड का भी विज्ञापन मेकर्स ने कर दिया है।
नेटिजंस ने बताया 'सैयारा' की कॉपी
इस टीजर में लक्ष्य को देखकर फिल्म 'कबीर सिंह' के शाहिद कपूर वाले किरदार की वाइब आ रही है। इस फिल्म में लक्ष्य को आरव की भूमिका में देखा जाएगा, वहीं अनन्या पांडे ने चांदनी का रोल निभाया है। टीजर को देख नेटिजंस की मिली-जुली प्रतिक्रिया आई है। कुछ यूजर्स तारीफ कर रहे हैं और फिल्म के प्रति उत्साह जता रहे हैं। वहीं, कुछ इसे 'सैयारा' की सस्ती कॉपी बता रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, 'जेन-जी की एक और प्रेम कहानी'। बता दें कि यह फिल्म 22 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।