'अपनी लड़ाई चुपचाप लड़ती हूं', वर्किंग आवर्स डिबेट पर दीपिका का रिएक्शन; मेल एक्टर्स को लेकर कह दी बड़ी बात
Deepika Padukone On Working Hour: इंडस्ट्री में आठ घंटे की शिफ्ट टाइमिंग को लेकर चल रही बहस पर दीपिका पादुकोण ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने पुरुष कलाकारों का उदाहरण देते हुए अपनी बात रखी है। जानिए उन्होंने क्या कहा?
विस्तार
दीपिका पादुकोण जब से संदीप रेड्डी वंगा की फिल्म 'स्पिरिट' से बाहर हुईं इंडस्ट्री में आठ घंटे की शिफ्ट टाइमिंग को लेकर अलग बहस छिड़ गई। कथित तौर पर दीपिका ने काम के घंटों में असहमति के चलते ही फिल्म छोड़ी थी। इंडस्ट्री में तमाम लोग दीपिका के सपोर्ट में आए, तो कुछ ने विपरीत टिप्पणी की। अब पहली बार खुद दीपिका पादुकोण ने इस मसले पर चुप्पी तोड़ी है।
बोलीं- 'यह मेरा तरीका नहीं'
दीपिका पादुकोण ने हाल ही में CNBC-TV18 के साथ बातचीत में इंडस्ट्री में जोर-शोर से चल रही इस बहस पर चुप्पी तोड़ी। उन्होंने कहा, 'मैंने ये कई लेवल्स पर किया है, मेरे लिए ये नई बात नहीं है। मुझे लगता है कि पेमेंट जैसी चीजों के मामले में भी मुझे जो कुछ भी मिला, उससे निपटना पड़ा। मुझे नहीं पता इसे क्या कहूं, लेकिन मैं हमेशा अपनी लड़ाई चुपचाप लड़ती हूं और किसी अजीब वजह से कभी-कभी ये सार्वजनिक हो जाती हैं। यह मेरा तरीका नहीं है। न ही मैं ऐसे पली-बढ़ी हूं। लेकिन हां, अपने लिए बोलना और अपनी लड़ाई चुपचाप व गरिमा के साथ करना ही मेरा तरीका है'।
'स्पिरिट' और 'कल्कि 2898 एडी' से बाहर हुईं दीपिका
दीपिका पादुकोण ने फिल्म 'स्पिरिट' और 'कल्कि 2898 एडी' में आठ घंटे की शिफ्ट टाइमिंग में काम करने की शर्त रखी थी। बिटिया के जन्म के बाद उन्होंने मेकर्स के सामने यह मांग रखी, जिसे अस्वीकार कर दिया गया और दीपिका ने दोनों फिल्में छोड़ दीं। अब हालिया इंटरव्यू में दीपिका ने विस्तार से इस पर बात की है। उन्होंने वर्किंग टाइमिंग को लेकर नए सिरे से छिड़ी बहस पर रिएक्शन दिया। उन्होंने बहुत सलीके से कहा कि वे अपनी लड़ाईयां खुद लड़ती हैं। इसके अलावा उन्होंने कहा इंडस्ट्री में हो रही उन बातों का भी जिक्र किया, जहां बराबरी, इंसाफ और सम्मान की चर्चा होती है।
बोलीं- 'मेल एक्टर्स को लेकर कभी हेडलाइन नहीं बनी'
दीपिका पादुकोण ने पुरुष कलाकारों का भी उदाहरण दिया। उन्होंने कहा, 'एक महिला होने के नाते अगर यह दबावपूर्ण या कुछ और लगता है, तो ऐसा ही हो। मगर, इसमें कोई सीक्रेट नहीं कि कई सुपरस्टार्स, मेल सुपरस्टार्स इंडियन फिल्म इंडस्ट्री में आठ घंटे काम करते आए हैं। वर्षों से वे ऐसा कर रहे हैं। इसकी कभी हेडलाइन नहीं बनी हैं। एक्ट्रेस ने आगे कहा, 'मैं नाम नहीं लेना चाहती, जिससे कि यह बड़ा मुद्दा बने। मगर, यह बात सब जानते हैं कि कई मेल एक्टर्स दिन में आठ घंटे काम करते हैं। कुछ सोमवार से शुक्रवार तक आठ घंटे काम करते हैं और वीकएंड में काम नहीं करते हैं'।
दीपिका के फाउंडेशन को हुए 10 वर्ष
दीपिका पादुकोण वर्ल्ड मेंटल हेल्थ डे के मौके पर मध्य प्रदेश गई थीं। वहां उन्होंने अपने फाउंडेशन लिव लव लाफ के 10 साल पूरे होने को सेलिब्रेट किया। एक्ट्रेस का यह फाउंडेशन देशभर में मेंटल हेल्थ को लेकर जागरूकता फैलाने में अहम भूमिका निभा रहा है। दीपिका के वर्क फ्रंट की बात करें तो दीपिका शाहरुख के साथ फिल्म ‘किंग’ में नजर आएंगी।
