ऐसे में तो डर सहम जाएंगी ये कमसिन हीरोइनें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बॉलीवुड की ड्रीम दिवा का खिताब पाने वाली खूबसूरत हीरोइनें एक बार फिर फिल्म इंड्रस्ट्री में अपना भाग्य आजमा रही हैं। जिसका पॉजीटिव रेस्पांस भी उनको मिल रहा है।
ये वो हीरोइने हैं जिनके दीवाने आज भी कम नहीं हुए हैं। अब इन हीरोइनों की शानदार वापसी ने भी ये जता दिया है। इसलिए अब कई नई तारिकाओं की आंखों से भी नींद छीन सकती है। क्योंकि इनकी एक हिट फिल्म के बाद ही इनके पास ऑफरों की बहार आना लाजमी है।
और ऐसा हो भी रहा है।
श्रीदेवी ने खोल दिया है रास्ता
श्रीदेवी का स्टारडम कभी बॉलीवुड में हीरोज पर भी भारी पड़ने लगा था। श्रीदेवी के नाम से ही लोग बड़े पर्दे की ओर खिंचे चले आते थे। श्रीदेवी ने 1997 में 'जुदाई' जैसी हिट फिल्म के बाद बॉलीवुड को टा-टा, बॉय-बॉय कर दिया था।
इसके बाद ये पर्दे पर नहीं दिखाई दीं। लेकिन 2012 में जब इंगलिश-विंगलिश से वापसी की तो लोगों का वैसा ही प्यार मिला जैसे पहले मिलता था। इतनी शानदार वापसी की उम्मीद खुद श्रीदेवी को नहीं थी। इसके बाद उनका उत्साह फिर से जग गया। श्रीदेवी के पास कई फिल्मों के प्रोजेक्ट आ रहे हैं लेकिन वह कोई जल्दबाजी नहीं दिखा रहीं।
श्री एक शानदार स्क्रिप्ट के साथ फिर से दर्शकों को चौंकाने के लिए तैयार बैठी हैं। उनका परिवार भी उनका पूरा उत्साहवर्धन कर रहा है। श्री की सफलता ने कई पुरानी हीरोइनों को फिर से उम्मीद की किरण जगा दी।
माधुरी ने भी धड़का दिया दिल
श्रीदेवी से नंबर वन की कुर्सी छीनने वाली माधुरी दीक्षित भी कहां पीछे रहने वाली थीं। श्री की सफलता के बाद उनके मन में भी फिर से वापसी की उम्मीद जाग उठी।
काफी सोच-विचार के बाद माधुरी ने 'डेढ़ इश्किया' से वापसी की। उनकी वापसी को भी सकारात्मक रेस्पांस मिला है। माधुरी के दीवाने उनको देखने हॉल की ओर खिंच रहे हैं। माधुरी के काम की सराहना हो रही है।
यही नहीं पाकिस्तान में भी माधुरी के नाम से फिल्म लोकप्रियता बटोर रही है। माधुरी की अगली फिल्म गुलाब गैंग है। जिसके ट्रेलर ने आते ही धूम मचा दी है।
चुलबुली जूही ने बदला कलेवर
हंसमुख जूही चावला आज भी चंचल और शोख नजर आती हैं। उनके चाहने वाले भी कम नही हैं। लेकिन वापसी के लिए जूही ने अब एक अलग ही मुखौटा धारण करने का जोखिम उठाया है।
अपने पूरे फिल्मी कैरियर में कभी भी नकारात्मक भूमिका नहीं करने वाली जूही अब 'गुलाब गैंग' में बेहद कुटिल महिला के अवतार में होंगी। यही नहीं जूही अपनी सबसे बड़ी प्रतिद्वंदी माधुरी दीक्षित के साथ भी पहली बार फिल्म करने को राजी हुई हैं।
फिल्म के ट्रेलर में जूही बेहद अलग दिख रही हैं और दर्शकों में उत्सुकता भी पैदा कर रही हैं।
रानी भी मार रहीं हाथ पैर
रानी मुखर्जी भी वापसी के लिए हाथ पैर मार रही हैं। रानी के हाथ हालांकि अभी कोई बड़ी सफलता हाथ नहीं लग पा रही है लेकिन वह उम्मीद बिल्कुल नहीं छोड़ रहीं।
रानी 'मर्दानी' फिल्म के लिए खूब मेहनत कर रही हैं। अपना वजन भी उन्होंने कम कर लिया है। अगर उनकी मेहनत सफल हो गई तो फिर से फिल्में उनके हाथ लग सकती हैं।
अपने फिल्मी कैरियर के लिए ही रानी अभी तक आदित्य से अपनी शादी को भा पोस्टपोंड करे हुए हैं।
कम नहीं हैं काजोल के चाहने वाले
काजोल ने तब शादी कर बॉलीवुड से दूरी बना ली थी जब उनका कैरियर चरम पर था। वो बॉलीवुड की नबंर वन हीरोइन बनती जा रही थीं लेकिन उन्होंने गृहस्थी को ज्यादा वरीयता दी।
इस सांवली हीरोइन की अदाकारी के लोग आज भी कायल हैं। उनकी वापसी का हमेशा ही स्वागत होता है। ऐसा पहली बार सुनने को मिला था कि आमिर फिल्म में हों और क्रेज हीरोइन का अधिक हो।
काजोल की वापसी वाली फिल्म 'फना' कुछ ऐसी ही फिल्म थी। अब सुनने में आ रहा है कि काजोल एक बार फिर शाहरुख के साथ फिल्मी पर्दे पर दिखाई देंगी।