बॉलीवुड की सुपरहिट अभिनेत्री श्रीदेवी हम लोगों के बीच अब नहीं हैं। श्रीदेवी ने इस दुनिया को हमेशा-हमेशा के लिए साल 2018 में अलविदा कह दिया था लेकिन जान्हवी कपूर अपनी मां श्रीदेवी को हर खास मौके पर याद करती नजर आती हैं। आज मदर्स डे है और इस खास मौके पर भी जान्हवी ने मां संग एक खूबसूरत तस्वीर शेयर की है। इस तस्वीर के साथ जान्हवी ने एक प्यारा नोट लिखा है, जो किसी को भी भावुक करने के लिए काफी है।
जान्हवी कपूर ने इंस्टाग्राम पर अपने बचपन की एक खूबसूरत तस्वीर शेयर की है, जिसमें श्रीदेवी भी दिखाई दे रही हैं। इस तस्वीर में मां-बेटी का खूबसूरत रिश्ता साफ दिख रहा है। तस्वीर में श्रीदेवी ने अपनी लाडली बेटी जान्हवी को गोद में लिया हुआ है और वह नीचे की ओर देख रही हैं।
इस तस्वीर के साथ जान्हवी कपूर ने एक खूबसूरत कैप्शन दिया है, जिसके जरिए उन्होंने बताया कि वह अपनी मां के प्यार को हर पल महसूस करती हैं। जान्हवी ने लिखा, 'आपकी गैरमौजूदगी में भी मैं आपके प्यार को रोज महसूस करती हूं। आपकी अनुपस्थिति में भी, आप दुनिया की सबसे अच्छी मां हैं। आपको प्यार करती हूं।'