‘भारतीय सिनेमा के लिए यादगार होगी’, ‘रामायण’ को लेकर बोले नमित मल्होत्रा; ‘द ओडिसी’ से तुलना पर कही ये बात
Namit Malhotra On Ramayana: नमित मल्होत्रा ने एक बार फिर ‘रामायण’ को लेकर बात की। उन्होंने कहा कि ‘रामायण’ भारतीय सिनेमा के लिए एक यादगार पल होगी। जानें ‘द ओडिसी’ से तुलना पर क्या कुछ कहा…
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
'रामायण' के रिलीज होने में अभी कुछ महीने बाकी हैं, लेकिन प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा अभी से ही इस दिवाली पर आने वाली फिल्म के लिए लोगों में उत्साह बढ़ा रहे हैं। प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने हाल ही में भरोसा जताया कि यह फिल्म भारतीय सिनेमा के लिए एक यादगार पल साबित होगी। प्रोड्यूसर ने पिछले कुछ महीनों में अलग-अलग तरह के फैंस, इन्फ्लुएंसर्स और ऑनलाइन कंटेंट क्रिएटर्स के लिए स्क्रीनिंग आयोजित करके फिल्म के प्रमोशन के लिए एक ज्यादा पर्सनल तरीका अपनाया है।
दर्शक पहले फिल्म देखें
एक कंटेंट क्रिएटर के साथ बातचीत में नमित मल्होत्रा ने इस बड़े पौराणिक महाकाव्य के बारे में बात की। जब उनसे फिल्म में दिखाए गए टेक्निकल इनोवेशन और विज़ुअल इफेक्ट्स के उन पहलुओं के बारे में पूछा गया, जिन पर शायद दर्शकों का ध्यान न जाए, तो मल्होत्रा ने कहा कि मुझे लगता है कि 2-3 ऐसी बातें हैं जिनके बारे में मैं आज कुछ नहीं कहना चाहता।
मैं बस यही चाहता हूं कि दर्शक पहले इसे देखें। अगर वे उन बातों पर ध्यान नहीं देते हैं, तो हम बहुत सफल होंगे। इसीलिए अभी उनके बारे में बताकर मैं किसी का ध्यान उस ओर नहीं खींचना चाहता।
हम अपना बेस्ट देने की कर रहे कोशिश
इस दौरान नमित मल्होत्रा से क्रिस्टोफर नोलन की आने वाली पौराणिक महाकाव्य फिल्म 'द ओडिसी' से तुलना के बारे में भी पूछा गया। जब उनसे पूछा गया कि क्या भारतीय जड़ों वाली कहानी पर आधारित 'रामायण' भी वैसी ही उत्सुकता पैदा कर सकती है, तो नमित ने कहा कि मुझे लगता है कि एक भारतीय के तौर पर यह हमारे हाथ में है कि हम इसे किस रास्ते और किस मुकाम पर ले जाते हैं और दुनिया के सामने किस भरोसे के साथ पेश करते हैं।
अपनी टीम के टेक्निकल काम के बारे में उन्होंने कहा कि हम अपनी तरफ से पूरी कोशिश कर रहे हैं। हम कड़ी मेहनत कर रहे हैं ताकि अपना बेस्ट दे सकें। सभी के जोश और उत्साह के साथ, यह दुनिया भर के हर भारतीय के लिए गर्व का पल होगा।
नितेश तिवारी के डायरेक्शन में बन रही ‘रामायण’ में रणबीर भगवान राम, साई पल्लवी सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे। 'रामायण' अब तक की सबसे बड़ी और सबसे महंगी भारतीय फिल्मों में से एक है। यह फिल्म दो पार्ट में रिलीज होगी, जिसमें पहला पार्ट इस साल दिवाली पर रिलीज होगा। जबकि दूसरा पार्ट अगले साल 2027 की दिवाली पर रिलीज होगा।