‘मुझसे शादी करोगी…’ गाने पर थिरके निक जोनस, देसी गर्ल के लिए दिखाया प्यार; यूजर्स ने दिए मजेदार रिएक्शन
Nick Jonas Dance Viral Video: प्रियंका चोपड़ा के पति और अमेरिकन सिंगर निक जोनस पर देसी रंग ऐसा चढ़ा है कि वह बॉलीवुड सॉन्ग के दीवाने हो चुके हैं। हाल ही में वह प्रियंका चाेपड़ा के गाने पर थिरकते दिखे।
विस्तार
प्रियंका चोपड़ा के साथ शादी के बाद हॉलीवुड सिंगर निक जाेनस पर देसी रंग चढ़ गया है। वह अक्सर हिंदी गानों पर थिरकते नजर आते हैं। बुधवार को भी उन्होंने प्रियंका चोपड़ा के हिट सॉन्ग पर वीडियो बनाया। इस वीडियो पर फैंस ने मजेदार रिएक्शन दिए हैं।
‘मुझसे शादी करोगे’ गाने पर निक ने किया कमाल का डांस
निक जोनस ने बुधवार सुबह अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें म्यूजिक बैंड के मेंबर और उनके भाई साथ नजर आ रहे हैं। निक और बाकी लोग प्रियंका चोपड़ा की बॉलीवुड फिल्म ‘मुझसे शादी करोगे’ के टाइटल ट्रैक पर झूमते दिखे। खासकर निक ने इस गाने पर जबरदस्त स्टेप्स किए।
यूजर्स ने दिए मजेदार रिएक्शन
निक जाेनस का वीडियो देखकर यूजर्स ने भी मजेदार रिएक्शन दिए हैं। एक यूजर लिखता है, ‘मैं मानता हूं निक, जब से मैंने पंजाबी म्यूजिक और हिंदी म्यूजिक के बारे में जाना है, मुझे भी इसका चस्का लग गया है।’ एक भारतीय यूजर ने कमेंट किया, ‘काश इनको पता होता कि गाना क्या कह रहा है? तो इनके दरवाजे के बाहर लोगों की लाइन लग जाती।’ एक और यूजर ने कमेंट में लिखा, ‘ये लोग तो भारतीय अंकलों की तरह नाच रहे हैं।’
प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस अक्सर ही सोशल मीडिया पर अपनी तस्वीरें शेयर करते हैं, दोनों का प्यार देखकर फैंस भी फिदा नजर आते हैं। पर्सनल लाइफ के अलावा प्रियंका चोपड़ा के करियर फ्रंट की बात करें तो हॉलीवुड प्रोजेक्ट्स में वह व्यस्त रहती हैं। पैन इंडिया फिल्म 'वाराणसी' को लेकर भी चर्चा में हैं। इसमें प्रियंका चोपड़ा के साथ महेश बाबू नजर आएंगे। यह फिल्म साल 2027 में रिलीज होगी।