देश इस समय कोरोना की दूसरी लहर से लड़ रहा है। खतरनाक वायरस ने इंसानों समेत व्यवस्थाओं को भी चपेट में ले लिया है। अस्पतालों में ऑक्सीजन की किल्लत को देखते हुए तमाम लोग इससे निपटने और मदद करने की कोशिश कर रहे हैं। इसके इंतजाम के लिए सरकार से लेकर निजी संस्थाएं जी-जान लगा रही हैं। भारत में कोरोना का कहर देखकर कई देश मदद के लिए आगे आए हैं और कहा है कि इस विकट घड़ी में हम भारत के साथ खड़े हैं। साथ ही कई बॉलीवुड सेलेब्स भी सहायता के लिए आगे आ रहे हैं। अब विदेश में रह रहीं भारतीय ग्लोबल अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा है कि यह हालत देखकर उनका दिल टूट गया है।
प्रियंका चोपड़ा ने भारत के लिए मांगी मदद, जो बाइडन को टैग कर बोलीं- मेरा देश बुरे हालात में है
प्रियंका चोपड़ा ने ट्वीट कर अपना दर्द बयान किया है। उन्होंने लिखा कि 'मेरा दिल टूट गया। भारत कोरोना से जूझ रहा है और अमेरिका ने जरूरत से ज्यादा 550M टीकों का ऑर्डर दिया है। एस्ट्राजेनेका को दुनिया भर में बांटने के लिए आपको धन्यवाद, लेकिन मेरे देश में स्थिति गंभीर है। क्या आप वैक्सीन भारत को तत्काल साझा करेंगे?'
My heart breaks. India is suffering from COVID19 & the US has ordered 550M more vaccines than needed @POTUS @WHCOS @SecBlinken @JakeSullivan46 Thx for sharing AstraZeneca worldwide, but the situation in my country is critical. Will you urgently share vaccines w/ India? #vaxlive
प्रियंका ने अपने इस ट्वीट में यूएस के राष्ट्रपति जो बाइडेन (Joe Biden), संयुक्त राज्य अमेरिका के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जैक सुलिवान (Jake Sullivan), व्हाइट हाउस के स्टाफ चीफ रोनाल्ड क्लेन (Ronald Alan Klain) और सचिव एंटनी ब्लिंकेन (Antony Blinken) को टैग किया है। अभिनेत्री ने कोविड-19 वैक्सीन भारत को देने और मदद करने का आग्रह किया है।
इससे जाहिर है कि प्रियंका विदेश में रहकर भी भारत पर नजर बनाए हुई हैं। उन्होंने कहा है कि मेरा देश विकट परिस्थिति से गुजर रहा है। अभिनेत्री का ये ट्वीट अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। यूजर्स खूब प्रतिक्रिया दे रहे हैं। प्रियंका का अपने देश के लिए ये प्यार देखकर उनके फैंस तारीफ भी कर रहे हैं।
बता दें कि भारत में कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीनेशन कराया जा रहा है। अभी तक 45 साल से ऊपर उम्र वाले लोगों को वैक्सीन की डोज दी गई है। सभी लोगों को वैक्सीन की दो खुराक पड़नी है, लेकिन अभी तक कई राज्यों में लोगों को एक ही डोज मिल सकी है। वहीं अब 18 साल से अधिक उम्र वाले भी एक मई से टीकाकरण करवा सकते हैं। इसके लिए पहले रजिस्ट्रेशन करवाना होगा, जो 28 अप्रैल से होगा।