बॉलीवुड अभिनेत्री नेहा धूपिया सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं। वो अक्सर अपनी फोटो और वीडियो साझा करती रहती हैं। इसके जरिए वह फैंस को कभी अपने वर्क प्रोफेशन और नए प्रोजकट्स के बारे में जानकारी देती हैं तो कभी निजी जीवन की झलकियां भी दिखाती रहती हैं। वहीं, सोशल मीडिया पर ट्रोल करने वालों को भी जवाब देने में पीछे नहीं रहती हैं।
नेहा धूपिया से शख्स ने मांगा ब्रेस्टफीडिंग का वीडियो, अभिनेत्री ने यूं दिया जवाब
दरअसल, नेहा ने काफी पहले ब्रेस्टफीड कराते हुए बेटी के साथ की तस्वीर पोस्ट की थी, जिस पर एक शख्स ने भद्दा कॉमेंट किया। इस पर नेहा ने उस ट्रोलर को करारा जवाब दिया है। नेहा की इस तस्वीर पर ट्रोल करने वाले शख्स ने लिखा, 'क्या आप अपना ब्रेस्टफीडिंग वीडियो पोस्ट कर सकती हैं? विनम्र निवेदन हैं।'
नेहा ने दोबारा इस तस्वीर को साझा करते हुए कैप्शन में लिखा, 'नई मां की यात्रा कुछ ऐसी होती है कि केवल वही समझ सकती हैं। हम लोग एक तरफ हैप्पी साइड देखते हैं लेकिन दूसरी ओर यह भारी जिम्मेदारियां से भरा और भावनात्मक रूप से थकान से भरा होता है। एक मां होना मुश्किलों भरा है और वो बस करती हैं जो करना चाहिए। ऐसा नहीं होना चाहिए कि कि इस पर सवाल किया जाए, मजाक बनाया जाए या सबसे बदतर ट्रोल किया जाए। मैं इन सबसे गुजर चुकी हूं और मुझे पता है यह कितना मुश्किल है।'
नेहा ने आगे लिखा, 'यह मां के ऊपर है कि वो किस तरह फीड या ब्रेस्टफीड कराना चाहती हैं। हमने हमेशा देखा है कि लोग मां के ब्रेस्टफीडिंग कराने को सेक्शुअली देखते हैं। हम ब्रेस्टफीडिंग को सामान्य बनाना चाहते हैं। यह असंवेदनशील कॉमेन्ट इसका उदाहरण है कि आखिर क्यों हमारे देश में महिलाओं के लिए अजीब स्थिति बना दी जाती है। इन्हें सामने लाना चाहिए। चलिए ब्रेस्टफीडिंग को सामान्य बनाते हैं ना कि सेक्शुअलाइज।'