‘सभी आरोप गलत हैं’, शिवाजी महाराज की तस्वीर वाली टीशर्ट पहनने पर रितेश देशमुख ने दी सफाई; जानें पूरा मामला
Riteish Deshmukh: रितेश देशमुख ने छत्रपति राजा शिवाजी महाराज की तस्वीर वाली टीशर्ट पहनने पर हुए विवाद पर अब सफाई दी है। जानिए एक्टर ने अपने बयान में क्या कुछ कहा…
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रितेश देशमुख स्टारर और उनके निर्देशन में बनी फिल्म ‘राजा शिवाजी’ को दर्शकों और क्रिटिक्स की जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर भी अच्छा प्रदर्शन किया। फिल्म की सफलता का जश्न मनाने के लिए रितेश समेत पूरी टीम ने सक्सेस पार्टी रखी थी। जिसमें पूरी कास्ट और क्रू मौजूद रहे।
इसका एक वीडियो वायरल हो गया, जिसमें रितेश छत्रपति शिवाजी महाराज की तस्वीर वाली टी-शर्ट पहने हुए बॉलीवुड गाने पर डांस कर रहे थे। इस वीडियो के वायरल होते ही इसको लेकर विवाद शुरू हो गया और कई लोगों ने रितेश देशमुख को ट्रोल करना शुरू कर दिया। कुछ ने आरोप लगाया कि वह नशे में थे। अब इस पूरे मामले पर पहली बार रितेश देशमुख ने प्रतिक्रिया दी है। अपनी बात रखते हुए रितेश ने लोगों से माफी भी मांगी है।
छत्रपति शिवाजी महाराज का अपमान करने का नहीं था इरादा
रितेश ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर मामले को लेकर एक विस्तृत बयान जारी किया। इसमें उन्होंने लिखा, ‘हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'राजा शिवाजी' को दर्शकों से मिली शानदार प्रतिक्रिया का जश्न मनाने के लिए हमारी पूरी टीम ने एक छोटा सा समारोह आयोजित किया था। इससे जुड़ा मेरा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
शिवाजी महाराज के भक्त (शिवप्रेमी) और अपने परिवार के प्रति सम्मान रखने वाले व्यक्ति के रूप में, मैं इसे स्पष्ट करना अपना कर्तव्य समझता हूं। मैं विनम्रतापूर्वक स्पष्ट करना चाहता हूं कि छत्रपति शिवाजी महाराज की तस्वीर वाली टी-शर्ट पहनकर जश्न मनाते समय मेरा उन्हें अपमानित करने का जरा भी इरादा नहीं था।
मैं फिल्म के प्रमोशन के दौरान उस टी-शर्ट का इस्तेमाल कर रहा था। उस दिन भी मैंने प्रमोशन पूरा करने के बाद कार्यक्रम में भाग लिया, इसलिए मैं टी-शर्ट बदलना भूल गया।’
मैंने जीवन में कभी शराब नहीं पी
अपने बयान में रितेश ने आगे कहा, ‘सोशल मीडिया पर मेरे बारे में लगाए जा रहे कुछ आरोपों के संबंध में मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि मैंने अपने जीवन में कभी शराब नहीं पी है। न ही भविष्य में कभी पीयूंगा। इसलिए इस तरह के सभी आरोप पूरी तरह से गलत हैं। इस वीडियो को बनाने वाले व्यक्ति को कार्यक्रम में बुलाया भी नहीं गया था।
यह कार्यक्रम फिल्म 'राजा शिवाजी' के लिए साढ़े तीन साल तक अथक परिश्रम करने वाले सभी कलाकारों और साथियों के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए था। हालांकि, अगर मेरे इस एक्शन से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं, तो मैं एक शिवप्रेमी के रूप में इसके लिए खेद व्यक्त करता हूं।
छत्रपति शिवाजी महाराज हम सभी के लिए आस्था, प्रेरणा और गौरव के प्रतीक हैं। मेरे दिल में उनके प्रति अपार आदर, प्रेम और निष्ठा है। यह भावना आज भी उतनी ही प्रबल है और सदा बनी रहेगी। जय शिवराय।’
रितेश देशमुख द्वारा निर्देशित ‘राजा शिवाजी’ 1 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हउई थी। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया और क्रिटिक्स से भी फिल्म को अच्छी प्रतिक्रिया ही हासिल हुई। फिल्म में रितेश देशमुख ने ही छत्रपति शिवाजी महाराज का किरदार भी निभाया है।
इसके अलावा फिल्म में एक बड़ी स्टारकास्ट नजर आई है, जिसमें संजय दत्त, अभिषेक बच्चन, विद्या बालन, जेनेलिया देशमुख, बोमन ईरानी, भाग्यश्री, सचिन खेडेकर, अमोल गुप्ते, जितेंद्र जोशी और महेश मांजरेकर जैसे कलाकारों के नाम शामिल हैं। वहीं सलमान खान ने फिल्म में कैमियो किया है।