कभी 35 रुपये के लिए भी किया काम, अब कारों के शौकीन रोहित शेट्टी करोड़ों की संपत्ति के मालिक; जानें नेटवर्थ
Rohit Shetty Net Worth: डायरेक्टर रोहित शेट्टी अपनी एक्शन और कॉमेडी फिल्मों के लिए दर्शकों के बीच मशहूर हैं। हाल ही में उनके मुंबई के जूहू स्थिति घर के बाहर फायरिंग की खबर सामने आई। इस मामले की जांच पुलिस कर रही है। रोहित का मुंबई के जूहू में आलीशान घर है। साथ ही वह करोड़ों की संपत्ति के मालिक भी हैं। जानिए, उनकी नेटवर्थ के बारे में।
विस्तार
रोहित शेट्टी आज बॉलीवुड के सबसे अमीर निर्देशकों में शामिल हैं लेकिन एक वक्त ऐसा भी था, जब वह पैसों बचाने के लिए पैदल चला करते थे। रोहित के पिता एम. बी शेट्टी 70 और 80 के दशक में बॉलीवुड के चर्चित विलेन और एक्शन कोरियोग्राफर थे। लेकिन एक वक्त रोहित शेट्टी की जिंदगी में ऐसा आया, जब परिवार की आर्थिक स्थिति खराब हो गई। ऐसे में उन्हें परिवार को सपोर्ट करने के लिए फिल्मी दुनिया में कदम रखना पड़ा।
रोहित ने 35 रुपये के लिए सेट पर किया काम
रोहित शेट्टी ने अपने एक इंटरव्यू में बताया था कि वह फिल्म सेट पर काम करते थे, जिससे परिवार को सपोर्ट कर सकें। इस समय उनकी उम्र 17 साल थी। उन्हें दिन भर के 35 रुपये मिलते थे। ऐसे में वह पैसे बचाने के लिए दो घंटे पैदल चलते थे। वह मलाड से अंधेरी अपने घर पैदल जाते थे। आगे चलकर उन्हें फिल्म ‘फूल और कांटे’ में असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम मिला। रोहित ने खूब स्ट्रगल किया। आगे चलकर फिल्में बनाना शुरू किया और अपनी किस्मत को बदल दिया।
मेहनत से 300 करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक बन गए
रोहित शेट्टी ने ‘सिंघम’ और ‘गोलमाल’ सीरीज की कई फिल्में बनाईं। इन फिल्मों ने उन्हें बतौर डायरेक्टर बॉलीवुड में पहचान दी। ये फिल्में बॉक्स ऑफिस पर भी खूब चलीं। इससे उनकी नेटवर्थ में भी इजाफा हुआ। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार आज उनके पास 300 करोड़ रुपये की कुल संपत्ति है।
रोहित के पास जुहू में 10 मंजिला बिल्डिंग
रोहित शेट्टी की नेटवर्थ में उनका जुहू वाला घर भी शामिल है, जिसके बाहर फायरिंग की घटना सामने आई है। डायरेक्टर के पास जुहू में एक 10 मंजिला एक बिल्डिंग है। इसमें एक बड़ा गैरेज भी है, जहां लाखाें, करोड़ों की गाड़ियां खड़ी रहती हैं। जुहू वाले घर में वह पत्नी माया, बेटे ईशान और अपनी मां के साथ रहते हैं। रियल एस्टेट में भी रोहित शेट्टी ने पैसा लगाया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ही उन्होंने जुहू में मौजूद कुछ प्रॉपर्टीज भी खरीदी हैं। इनकी कीमत भी करोड़ों में हैं। यह खबर भी है कि रोहित के पास नवी मुंबई में 6 करोड़ रुपये का विला भी है।
शानदार गाड़ियों का कलेक्शन रखते हैं रोहित शेट्टी
सिर्फ प्रॉपर्टी में ही रोहित शेट्टी ने इंवेस्ट नहीं किया है, उनको गाड़ियों का भी शौक है। उनके पास लेम्बोर्गिनी, मर्सिडीज, फोर्ड मस्टैंग जीटी के अलावा कई महंगी कारें मौजूद हैं। इन कारों की कीमत भी लाखों और करोड़ों रुपये में है।
प्रोडक्शन हाउस भी खोला है
रोहित शेट्टी सिर्फ फिल्में निर्देशित नहीं की हैं। उन्होंने साल 2016 में अपना एक प्रोडक्शन हाउस भी खोला है। इस प्रोडक्शन हाउस तले उन्होंने कई फिल्में प्रोड्यूस की हैं। रोहित शेट्टी की कई फिल्मों ने 100 करोड़ क्लब में एंट्री ली है।
