Exclusive: जिन्हें ‘हेरा फेरी 3’ से हटवाया गया; क्या उन्हीं फरहाद सामजी की होने जा रही वापसी? खुद तोड़ी चुप्पी
Farhad Samji Exclusive Interview: बहुचर्चित फ्रैंचाइजी ‘हेरा फेरी 3’ से जैसे ही प्रियदर्शन ने किनारा किया है, फिल्मी गलियारों में सुगबुगाहट शुरू हो गई है। कहा जा रहा है कि कमान फरहाद सामजी को सौंपी जाने की संभावना है। ऐसी खबरों पर हाल ही में अमर उजाला से खास बातचीत में खुद निर्देशक फरहाद ने चुप्पी तोड़ी है। जानिए उन्होंने क्या कहा?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दरअसल, साल 2023 में जब ‘हेरा फेरी 3’ को आगे बढ़ाने की तैयारी शुरू हुई थी, तब सबसे पहले निर्देशक के तौर पर फरहाद सामजी को चुना गया था। लेकिन उस वक्त उनकी पिछली फिल्में - ‘हाउसफुल 4’, ‘बच्चन पांडे’ और ‘किसी का भाई किसी की जान’- दर्शकों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई थीं। ऐसे में सोशल मीडिया पर फैंस ने खुलकर विरोध शुरू कर दिया। मामला इतना बढ़ा कि ‘फरहाद सामजी को हेरा फेरी 3 से हटाओ’ तक ट्रेंड होने लगा। बढ़ते दबाव के बाद मेकर्स ने फैसला बदला और फिल्म की कमान प्रियदर्शन को सौंप दी गई।
लेकिन अब कहानी फिर पलटती दिख रही है। प्रियदर्शन के प्रोजेक्ट से अलग होने के बाद इंडस्ट्री में चर्चा है कि निर्माता फिरोज नाडियाडवाला एक बार फिर पुराने ऑप्शंस पर विचार कर रहे हैं। उधर, ‘वेलकम टू द जंगल’ को लेकर मिल रहे अच्छे रिस्पॉन्स ने भी इस चर्चा को हवा दे दी है। ऐसे में सवाल फिर वही है - क्या जिस निर्देशक को कभी फैंस ने बाहर करवा दिया था, वही अब दोबारा इस फ्रैंचाइजी की कमान संभालने वाले हैं? इन्हीं अटकलों के बीच अमर उजाला डिजिटल ने फरहाद सामजी से खास बातचीत की। जब उनसे पूछा गया कि एक बार फिर ‘हेरा फेरी 3’ के लिए उनका नाम सामने आ रहा है, तो उन्होंने बेहद दिलचस्प अंदाज में जवाब दिया।
‘अगर ऐसी बातें चल रही हैं तो अच्छी बात है, लेकिन अभी कुछ भी पक्का नहीं’
फरहाद सामजी ने मुस्कुराते हुए कहा, ‘देखिए, अगर ऐसी बातें सुनने में आ रही हैं तो अच्छी बात है। फिलहाल मेरे पास उस तरह की कोई पक्की जानकारी नहीं है। पहले भी इस तरह की कई बातें सामने आती रही हैं। कई बार चीजें मीडिया में जल्दी चलने लगती हैं। अभी हम लोग फिरोज भाई के साथ कई दूसरे कामों में व्यस्त हैं और बहुत सारी चीजों पर लगातार काम चल रहा है।’
‘फिरोज भाई के साथ कई बड़े प्रोजेक्ट्स लाइन में हैं, अभी बहुत कुछ बाकी है’
फरहाद ने बातचीत में आगे बताया कि पिछले काफी समय से उनका और फिरोज का पूरा फोकस ‘वेलकम टू द जंगल’ को पूरा करने पर था। अब बाकी प्रोजेक्ट्स पर तेजी से काम आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा, ‘इतने समय से हमारा पूरा ध्यान यही था कि पहले 'वेलकम टू द जंगल' खत्म हो जाए। उसके बाद बाकी चीजों पर आगे बढ़ेंगे। फिरोज भाई के साथ हमारा रिश्ता बहुत अच्छा है। इस समय करीब दो-तीन फ्रैंचाइजी की राइटिंग चल रही है और लगभग एक-दो प्रोजेक्ट निर्देशन से जुड़े हुए हैं। आने वाले दिनों में कई आधिकारिक घोषणाएं होंगी।’
‘हसीना मान जाएगी 2’ पर भी काम जारी, लेकिन अभी सब कुछ शुरुआती दौर में
सिर्फ ‘हेरा फेरी 3’ ही नहीं, फरहाद सामजी ने अपनी दूसरी चर्चित फिल्म ‘हसीना मान जाएगी 2’ को लेकर भी अपडेट दिया। उन्होंने साफ कहा कि फिल्म पर काम जारी है, लेकिन फिलहाल सब कुछ शुरुआती दौर में है। फरहाद ने कहा, ‘वो प्रोजेक्ट भी चल रहा है। अभी तो बहुत शुरुआती स्टेज पर है। कलाकार वगैरह कुछ भी तय नहीं है। सच कहूं तो काफी चीजें साथ-साथ बन रही हैं। लेकिन मैं थोड़ा इंतजार करता हूं। मुझे लगता है कि जब चीजें पूरी तरह तय हो जाएं, तभी घोषणा करने का असली मजा आता है।’
‘हेरा फेरी 3’ या कंट्रोवर्सी का अड्डा? हर कुछ महीनों में सामने आता है नया बवाल
गौर करें तो ‘हेरा फेरी 3’ का सफर शुरू से ही उतार-चढ़ाव भरा रहा है। सबसे पहले अक्षय कुमार ने फिल्म की स्क्रिप्ट को लेकर असहमति जताते हुए खुद को इस प्रोजेक्ट से अलग कर लिया था। साल 2023 में जैसे ही फरहाद सामजी का नाम सामने आया, सोशल मीडिया पर विरोध शुरू हो गया और मेकर्स पर उन्हें हटाने का दबाव बढ़ने लगा।
बाद में प्रियदर्शन की एंट्री हुई तो लगा कि अब मामला संभल गया है, लेकिन फिर परेश रावल के फिल्म छोड़ने की खबरों ने नई चर्चा छेड़ दी। इसके बाद फीस और कॉन्ट्रैक्ट को लेकर भी कई तरह की खबरें सामने आईं। अब प्रियदर्शन के भी फिल्म से अलग होने की पुष्टि के बाद एक बार फिर पूरी फिल्म सवालों के घेरे में आ गई है। साफ है कि ‘हेरा फेरी 3’ जितनी अपनी कहानी और स्टारकास्ट को लेकर चर्चा में रही है, उससे कहीं ज्यादा इसके पीछे चल रहा पूरा ड्रामा लोगों का ध्यान खींचता रहा है। फिलहाल अब सबकी नजर इस पर टिकी है कि इस फिल्म में अगला बड़ा ट्विस्ट क्या आने वाला है।