हनी सिंह के मुंबई कॉन्सर्ट में उड़ी नियमों की धज्जियां, अवैध लेजर लाइट के इस्तेमाल पर पुलिस ने दर्ज किया मामला
Honey Singh Mumbai Concert Controversy: यो यो हनी सिंह का मुंबई कॉन्सर्ट अब विवादों में घिर गया है। कॉन्सर्ट के दौरान कई नियमों की अनदेखी को लेकर अब आयोजकों पर केस दर्ज हुआ है। जानिए क्या है पूरा मामला…
विस्तार
मशहूर सिंगर-रैपर हनी सिंह एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। मामला 28 मार्च को मुंबई के एमएमआरडीए ग्राउंड में हुए यो यो हनी सिंह के म्यूजिक कॉन्सर्ट से जुड़ा है। इस कॉन्सर्ट में भारी संख्या में फैंस हनी सिंह को सुनने और देखने पहुंचे थे। कॉन्सर्ट के कई वीडियोज भी सोशल मीडिया पर वायरल हैं। लेकिन अब ये कॉन्सर्ट विवादों और कानूनी पचड़े में फंसता दिख रहा है। सुरक्षा खामियों और नियमों के उल्लंघन के चलते कॉन्सर्ट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। यही नहीं पुलिस ने आयोजकों के खिलाफ मामला भी दर्ज कर लिया है।
अवैध लेजर लाइट्स का हुआ इस्तेमाल
दरअसल, यो यो हनी सिंह के इस कॉन्सर्ट के दौरान अवैध लेजर लाइट इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है। ऐसा करना सुरक्षा मानकों के खिलाफ है। क्योंकि यह कॉन्सर्ट एयरपोर्ट जोन के काफी करीब हुआ था। जहां इस तरह की हाई-इंटेंसिटी लेजर लाइट्स का उपयोग सख्त रूप से प्रतिबंधित होता है।
ऐसी लाइट्स उड़ानों की दिशा और पायलट के विजन को प्रभावित कर सकती हैं, जिससे सुरक्षा को गंभीर खतरा हो सकता है। लेकिन इन कड़े नियमों और पाबंदियों के बावजूद हनी सिंह के कॉन्सर्ट में इन लेजर लाइट्स का इस्तेमाल किया गया।
YO YO Honey Singh concert @asliyoyo 😘😘#yoyohoneysingh #concert pic.twitter.com/zIClZKUtyt
— Aakanksha Gupta (@aakankshalovely) March 29, 2026
पुलिस ने दर्ज किया मामला
अब नियमों का उल्लंघन सामने आने के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की है। मुंबई पुलिस ने इवेंट से जुड़े आयोजक पइंद्रजीत सिंह और उनकी कंपनी तमन्नाज वर्ल्डवाइड एडवरटाइजमेंट के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अब इस पूरे मामले की जांच की जा रही है कि सुरक्षा निर्देशों की अवहेलना कैसे और क्यों हुई।
अवैध लेजर लाइट के इस्तेमाल का अलावा अत्यधिक भीड़ को लेकर भी कॉन्सर्ट विवाद में घिर गया है। जानकारी के मुताबिक, आयोजकों ने पहले पुलिस को जानकारी दी थी कि इस कार्यक्रम में करीब 12 हजार लोग शामिल होंगे, लेकिन कॉन्सर्ट में 18 से 20 हजार के बीच भीड़ पहुंच गई।
उम्मीद से कहीं ज्यादा लोगों के आने से सुरक्षा व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया और पुलिस को मौके पर स्थिति संभालने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। भीड़ अधिक होने के कारण एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर अव्यवस्था देखने को मिली, जिससे किसी भी हादसे की आशंका बढ़ गई थी। हालांकि, कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। इसको लेकर भी अब आयोजक निशाने पर हैं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उनपर सवाल खड़े हो रहे हैं।