Indian Police Force Review: पुलिस वाले दो कदम की दूरी पर रहें, ले देकर बस वही, टणा ना ना, टणा ना ना, ना ना ना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमेजन प्राइम वीडियो की जमाना पहले हुई एक प्रेस कांफ्रेंस में जब हिंदी सिनेमा के खिलाड़ी ब्रांड वाले अक्षय कुमार अपने बदन पर आग लगाकर मंच पर पहुंचे तो यूं लगा कि जेसन स्टैथम, टॉम क्रूज या फिर ‘फास्ट एंड फ्यूरियस’ सीरीज जैसा कुछ रोमांचक ओटीटी पर भारतीय दर्शकों को दिखने वाला है। ये तब की बात है जब मुंबई के आसपास के जंगलों में तेंदुए रहा करते थे। बीच में नेटफ्लिक्स वाले अलग अलग राज्यों की पुलिस सीरीज ‘खाकी’ ले आए। रोहित शेट्टी का अपनी पुलिस की दुनिया अलग बसी ही हुई है तो प्राइम वीडियो ने सब मिलाकर सोच ली एक सीरीज ‘इंडियन पुलिस फोर्स’। ये सीरीज अपने नाम से ही दोषयुक्त है। भारत में पुलिस राज्य का विषय है, यहां एफबीआई जैसा एक्टिव पुलिस का काम किसी एजेंसी के पास नहीं है। एनआईए, ईडी या सीबीआई जैसी दूसरी एजेंसियां भी ऐसा कुछ नही करती कि उसके अधिकारी अमर मोहिले के बैकग्राउंड म्यूजिक पर स्लो मोशन में एंट्री जैसा कुछ मार सकें। रोहित शेट्टी की पिछली फिल्म ‘सर्कस’ ने उनके कॉमेडी ब्रांड की चमक कम की थी, अब ‘इंडियन पुलिस फोर्स’ ने उनके पुलिस यूनिवर्स पर भी बट्टा लगा दिया है।
बाटला हाउस का डीएनए
बाटला हाउस एनकाउंटर की असल घटना उठाकर उसके पहले और बाद कुछ काल्पनिक कथाएं जोड़कर कोई आधा दर्जन लोगों ने औसतन 30 मिनट के सात एपिसोड वाली सीरीज लिखी है, ‘इंडियन पुलिस फोर्स’। अफसरों के कंधों पर लगे सितारे, तलवारें और अशोक की लाट देखने से लगता है कि हैदराबाद की पुलिस अकादमी से निकले आईपीएस अफसरों से सीरीज के लेखकों ने कभी आराम से बैठकर बात नहीं की। एनकाउंटर से ठीक पहले जिस तरह से ये अफसर जैकेट पहनते हैं, लगता तो यही है कि ये बुलेट प्रूफ जैकेट होंगी, लेकिन जब गोली फेफेड़े के आरपार होती है तो पता चलता है कि सीरीज बनाने वालों ने पुलिसवालों को जैकेट पहनाईं तो वह सिर्फ उनकी पहचान दर्शकों से कराना चाह रहे थे कि सादी वर्दी वाले ये पुलिस वाले हैं और स्पेशल सेल से हैं। भरी दिल्ली में आतंकवादियों से लड़ने निकली दिल्ली पुलिस की ये कौन सी छवि अमेजन प्राइम वीडियो गढ़ना चाह रहा है, रोहित शेट्टी ही बता सकते हैं। यूं लगता है कि पुलिस की सीरीज नहीं मजाक चल रहा है। आईजी रैंक का अफसर एक बच्चे को आतंकवादी के कब्जे में देख हार मान लेता है और अपनी पिस्तौल यूं आतंकवादी की तरफ फेंकता है कि वह बच्चे को पकडे पकड़े वह पिस्तौल उठा ले।
खराब सीरीज के चमक खोते सितारे
‘इंडियन पुलिस फोर्स’ जबर्दस्ती बनाई गई सीरीज दिखती है। फिल्मों में कुछ खास न कर पा रहे सिद्धार्थ मल्होत्रा के लिए ये सीरीज संजीवनी मानी गई। विवेक ओबेरॉय को भी रोहित शेट्टी झाड़ पोंछकर कैमरे के सामने ले आए। शिल्पा शेट्टी का फोर्ड गाड़ी में एंट्री सीन ऐसा लगता है कि जैसे रोहित ने गुजरात एटीएस अफसर का नहीं एक गाड़ी का इंट्रो सीन बनाया है। और, शिल्पा को इज्जत कितनी बख्शी गई है इस सीरीज में, ये उस सीन से साफ हो जाता है जब सिद्धार्थ मल्होत्रा की रुलाई में विशेषज्ञता दिखाने वाले सीन में वह सिर्फ बैकग्राउंड में खड़ी रहती हैं। मिथुन चक्रवर्ती की थोक में बनने वाली फिल्मों का सीन डिवीजन इस सीरीज से बेहतर रहा करता था। उस दौर के विलेन मुकेश ऋषि भी ‘इंडियन पुलिस फोर्स’ का हिस्सा हैं, जिस पद पर उनका किरदार है, वह अफसर अपने मातहत अफसरों के साथ रात का भोजन करने ढाबे पर बिना किसी हलचल के पहुंच जाएगा और अपने जूनियर को ही बिल का भुगतान भी करने देगा, देखकर ही हंसी आती है।
विवेक की बिग बी बनने की कोशिश
वेब सीरीज ‘इंडियन पुलिस फोर्स’ अपनी कहानी, पटकथा के साथ साथ अपने संवादो से भी मात खाती सीरीज है। पूरी फोर्स को दफ्तर की बालकनी से खड़े होकर संबोधित करते विवेक ओबेरॉय जब अमिताभ बच्चन बनने की कोशिश करते हैं तो सीरीज की एक कमजोर परत और खुलती है। हिंदी सिनेमा में हाशिये पर पहुंच चुके पुरुष कलाकारों के साथ ही ये सीरीज महिला कलाकार भी चुनचुनकर पेश करती है। श्वेता तिवारी हैं, जिनके किरदार को ये समझ नहीं आता कि रोते समय कोई पीछे से आकर सांत्वना देने की कोशिश करें तो फिर क्या करना चाहिए। ईशा तलवार के पास चमकने का काम है, वह उसे ठीक से करती ही रहती हैं। लेकिन, नफीसा बनीं वैदेही का काम इस सीरीज में नोटिस करने लायक है। बाकी कलाकारों में निकितन धीर के पास ने अपना डील डौल दिखाते रहने की जिम्मेदारी बढ़िया ढंग से निभाई है। हां, एक कलाकार है ऐसा भी रखा गया है जो खामखां हरियाणवी तड़का लगाने की खराब सी कोशिश करता रहता है।
रोहित की ब्रांडिंग को तगड़ा झटका
वेब सीरीज ‘इंडियन पुलिस फोर्स’ को देखने का इकलौता कारण इसके साथ जुड़ा रोहित शेट्टी का नाम रहा है। लेकिन, जब वह खुद ही अपने नाम को गंभीरता से न ले रहे हों तो फिर बाकियों से कुछ खास उम्मीद करना भी बेमानी है। सीरीज की सिनेमैटोग्राफी इतनी हल्की है कि पुरानी दिल्ली को दिखाने के लिए मुंबई के किसी स्टूडियो में बना इसका सेट हर कोने से अपनी कमजोरी दिखाता रहता है। पूरा शहर धमाकों से गूंज रहा हो और पुलिस स्लो मोशन में आ रही हो, कहीं किसी तरह की बेचैनी न दिख रही हो, और सीरीज का डीओपी इस बारे में निर्देशक को टोंक भी न रहा हो, सोचकर ही हैरानी होती है। बैकग्राउंड म्यूजिक के नाम पर अमर मोहिले के पास बस वही एक धुन है, टणा ना ना, टणा ना ना, ना ना ना..! बाकी और कुछ सीरीज में भी खास नहीं है।