जब शराब के आदि हो गए थे आमिर खान, पत्नी के जाने के बाद डेढ़ साल तक रोज पीते थे एक्टर; शेयर किया इमोशनल किस्सा
Aamir Khan: बॉलीवुड के सुपरस्टार आमिर खान ने हाल ही में अपनी जिंदगी के एक बेहद मुश्किल दौर के बारे में खुलकर बात की, जब वे शराब के आदि हो गए थे। जानिए उन्होंने क्या कुछ कहा।
विस्तार
फिल्मों में मिस्टर परफेक्शनिस्ट के नाम से पॉपुलर आमिर खान के जीवन में एक पड़ाव ऐसा आया था, जब उन्हें शराब का सहारा लेना पड़ा था। वे शराब के इतना आदि हो गए थे कि एक साल से ज्यादा समय तक उन्होंने रोज शराब की। उनका ये किस्सा सुनकर सब लोग हैरान रह गए।
जब अंदर से टूट गए थे आमिर...
आमिर खान ने बताया कि जब उनकी पहली पत्नी रीना दत्ता उनसे अलग होकर बच्चों के साथ घर छोड़कर चली गईं, तो वो अंदर से पूरी तरह टूट गए थे। हाल ही में एक पॉडकास्ट में आमिर ने बताया कि वो पहले बिल्कुल शराब नहीं पीते थे। लेकिन तलाक के बाद वो इतना टूट गए कि उन्होंने शराब का सहारा लेना पड़ा।
आमिर ने कहा, ‘मैं पहले कभी शराब नहीं पीता था। लेकिन जिस दिन रीना बच्चों को लेकर घर छोड़कर गईं, उस दिन मैं अकेला रह गया और अपने इमोशंस को संभाल नहीं पाया। उसी रात मैंने शराब पीना शुरू किया।’
डेढ़ साल तक चला शराब पीने का सिलसिला
उन्होंने आगे बताया, ‘उसके बाद करीब डेढ़ साल तक मैं लगभग हर रात एक पूरी बोतल पीता था। एक ऐसे इंसान के लिए जो कभी शराब नहीं पीता था, ये बहुत ही बड़ा बदलाव था।’ आमिर की ये बात साफ दिखाती है कि वो उस वक्त कितने मुश्किल दौर से गुजर रहे थे। हालांकि, उन्होंने बाद में खुद को संभाला और अपनी जिंदगी को फिर से पटरी पर लाए।
बता दें कि आमिर खान और रीना दत्ता की शादी 1986 में हुई थी और 2002 में दोनों अलग हो गए। उनके दो बच्चे हैं- जुनैद और इरा। आमिर ने दूसरी शादी किरण राव से 2005 में की थी, जिसके बाद वे दोनों 2021 में अलग हो गए थे। इसके बाद दोनों अपने बेटे आजाद की साथ में देखभाल कर रहे हैं।