साउथ की लेडी सुपरस्टार नयनतारा की प्रसिद्धि से क्या विग्नेश को हुई दिक्कत? बोले- ‘पति-पत्नी जैसे रिश्ते में…’
Vignesh Shivan Talk About Nayanthara Fame: साउथ के चर्चित डायरेक्टर और एक्ट्रेस नयनतारा के पति विग्नेश ने हाल ही में अपने रिश्ते को लेकर खुलकर बात की है। नयनतारा के फेम का उनकी जिंदगी पर क्या असर हुआ? जानिए।
विस्तार
नयनतारा और विग्नेश की शादी को पांच साल हो चुके हैं, इनके दो बेटे भी हैं। हाल ही में डायरेक्टर विग्नेश ने नयनतारा की पॉपुलैरिटी को लेकर बात की। साथ ही बताया कि इस फेम का उनकी जिंदगी पर क्या असर हुआ? क्या कभी इस वजह से वह इनसिक्योर हुए? जानिए विग्नेश ने क्या कहा?
विग्नेश ने कहा रिश्तों में हावी होने जैसा कोई कॉन्सेप्ट नहीं होता है
जल्द ही निर्देशक विग्नेश की एक फिल्म 'लव इंश्योरेंस कंपनी' रिलीज होनी वाली है। इस फिल्म के लिए उन्होंने रेडियो पर्सनालिटी गोबिनाथ के यूट्यूब चैनल पर एक इंटरव्यू दिया। इस इंटरव्यू में वह पत्नी नयनतारा के बारे में बात करते हैं। इस बात से साफ इंकार करते हैं कि नयनतारा का करियर और फेम उन पर हावी है। वह कहते हैं, ‘ऐसा कुछ भी नहीं है। जब हम इस तरह सोचते हैं, तो हम जिंदगी में आगे नहीं बढ़ पाते। पिता-बेटे, भाइयों और पति-पत्नी जैसे रिश्ते में 'हावी होने' जैसा कोई कॉन्सेप्ट नहीं होता है।"
जब नयनतारा के फेम की वजह से मुश्किल से बाहर आए विग्नेश
अपने इंटरव्यू में विग्नेश ने एक मजेदार किस्सा सुनाया। वह बताते हैं कि नयनतारा की पॉपुलैरिटी के कारण वह एक अजीब सी स्थिति से बाहर आए थे। वह बताते हैं कि एक दिन सड़क किनारे जूस की दुकान पर रुके थे और उनके पास पेमेंट का कोई जरिया नहीं था। लेकिन दुकानदार ने उन्हें पहचान लिया और बड़े प्यार से उन्हें नयनतारा के पति के नाम से पुकारा, उन्हें बिना पैसे दिए जाने दिया। विग्नेश कहते हैं, ‘मैंने नयनतारा को फोन किया और उसे बताया कि कैसे उसने मुझे बचा लिया।’
वह आगे कहते हैं, ‘जब लोग मुझे मेरी पत्नी के नाम से पहचानते हैं, तो मुझे खुशी होती है। मैं अपने बच्चों के पिता के तौर पर भी जब पहचाना जाता हूं तो भी अच्छा लगता है। इसमें कोई जलन या अहंकार नहीं है। यह ताे हमारा प्यार है।’
फिल्म के सेट पर विग्नेश को नयनतारा से हुआ था प्यार
विग्नेश शिवन और नयनतारा ने साल 2015 में फिल्म 'नानम राउडी धान' में साथ काम किया था। इस दौरान एक-दूसरे को डेट किया। फिर 2021 में सगाई की और 2022 में शादी कर ली। बाद में सरोगेसी के जरिए नयनतारा को दो जुड़वां बेटे हुए। आज विग्नेश और नयनतारा एक खुशहाल जीवन जी रहे हैं।