Varun-Janhvi: AI के प्रयोग पर वरुण-जान्हवी ने जताई चिंता, कहा- 'ऐसे दौर में पहुंच जाएंगे, जहां कलाकारों की...'
Sunny Sanskari Ki Tulsi Kumari: हाल ही में वरुण धवन और जान्हवी कपूर ने एआई के इस्तेमाल पर चिंता जाहिर की है। उन्होंने इस मामले पर अपनी राय रखी है।
विस्तार
वरुण धवन और जान्हवी कपूर अपनी अपकमिंग फिल्म 'सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी' के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में पहुंचे थे। उन्होंने एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में एआई के गलत इस्तेमाल पर अपनी राय रखी। वरुण धवन ने कहा तकनीक का इस्तेमाल बहुत ही जिम्मेदारी का काम है। कलाकारों के हक को सुरक्षित रखने के लिए नियम कानून बनाने की जरूरत है। उन्होंने एआई के इस्तेमाल पर कहा 'हम ऐसे वक्त में पहुंच जाएंगे, जहां कलाकारों की जरूरत नहीं पड़ेगी हम उन्हें खुद बनाएंगे।'
यह खबर भी पढ़ें: SSKTK Trailer Launch: शादी के सवाल पर जान्हवी का जवाब, ट्रेलर लॉन्च इवेंट पर वरुण समेत फिल्म की कास्ट पहुंची
इसी तरह से जान्हवी कपूर ने एआई के इस्तेमाल पर अपनी राय रखते हुए कहा 'यह सिर्फ कलाकारों के लिए खतरे की बात नहीं है, बल्कि टेक्नीशियनों के लिए भी है। मैं पिछले कई महीनों से देख रही हूं कि कैसे एआई की मदद से चीजें की जा रही हैं। पहले किरदार का लुक तय करने में वक्त लगता था। अब वह तुरंत दिखा देते हैं कि किरदार कैसा होगा और उसकी कहानी कैसी होगी। इससे जरूर पैसों की बचत होगी लेकिन मुझे लगता है कि एक रचनात्मक इंसान के पास जो कुछ है उसे संरक्षित करने की जरूरत है।'
इस बीच, वरुण धवन और जान्हवी कपूर की फिल्म 'सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी' का ट्रेलर रिलीज हो गया है। दो मिनट चौवन सेकंड के इस ट्रेलर की शुरुआत अभिनेता वरुण धवन द्वारा सान्या मल्होत्रा को प्रपोज करने से होती है, जिसे सान्या ठुकरा देती हैं। इसके बाद वरुण धवन, जान्हवी कपूर के साथ मिलकर उन्हें वापस पाने की योजना बनाते हैं।
शशांक खेतान द्वारा निर्देशित यह फिल्म 2 अक्टूबर, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।