Fact Check: लियोनेल मेसी की भारतीय क्रिकेट खिलाड़ियों के साथ एआई से बनी तस्वीर हो रही शेयर, पढ़ें पड़ताल
Fact Check: सोशल मीडिया पर एक तस्वीर शेयर की जा रही है। इस तस्वीर में लियोनेल मेसी भारतीय खिलाड़ी विराट कोहली, धोनी, रोहित शर्मा और सचिन तेंदुलकर के साथ नजर आ रहे हैं। हमारी पड़ताल में यह तस्वीर एआई से बनी निकली।
विस्तार
लियोनेल मेसी तीन दिन के भारत दौरे पर थे। उनकी इस यात्रा को GOAT नाम दिया गया। मेसी इस दौरान कोलकाता, हैदराबाद, मुंबई और दिल्ली पहुंचे। इसी बीच अब एक तस्वीर सोशल मीडिया पर शेयर की जा रही है। इस तस्वीर में मेसी भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी, रोहित शर्मा और विराट कोहली के साथ एक समुद्र के पास खड़े हुए नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर को शेयर करके असली बताया जा रहा है।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में इस तस्वीर को गलत पाया है। हमारी पड़ताल में सामने आया है कि तस्वीर को एआई के माध्यम से बनाया गया है। इस तस्वीर में दिख रहे खिलाड़ियों में से केवल सचिन तेंदुलकर से मेसी की मुलाकात की रिपोर्ट और तस्वीर सामने आई थी।
क्या है दावा
लियोनेल मेसी की भारतीय क्रिकेट खिलाड़ियों के साथ एक तस्वीर शेयर कर दावा किया जा रहा है कि सभी बड़े खिलाड़ी एक तस्वीर में दिख रहे हैं। इस तस्वीर को असली बताया जा रहा है।
Socialmedia24hr नाम के एक इंस्टाग्राम अकाउंट ने इस तस्वीर को शेयर करके लिखा, “GOATs एकजुट हुए! फुटबॉल लेजेंड लियोनेल मेसी भारत के क्रिकेट आइकन्स सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, रोहित शर्मा और एमएस धोनी के साथ दिखे यह एक ऐतिहासिक पल था जब क्रिकेट और फुटबॉल के सबसे बड़े नाम एक साथ एक फ्रेम में दिखे, जिससे दुनिया भर के फैंस दीवाने हो गए।” पोस्ट का लिंक और आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
इस तरह के कई और दावों के लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। इसके आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने तस्वीर में दिख रहे खिलाडियों के नाम से एक-एक करके कीवर्ड से सर्च किया। यहां हमें मेसी की तस्वीर केवल सचिन के साथ दिखी। किसी और खिलाड़ी के साथ मेसी के तस्वीर मौजूद नहीं थी। सचिन ने खुद मेसी के साथ तस्वीर शेयर की थी।
हमें किसी भी अन्य खिलाड़ी के साथ जो वायरल तस्वीर में मौजूद है, मेसी की तस्वीर नहीं मिली। इसके बाद हमें तस्वीर को स्पष्टता को देखकर, इसके एआई से बने होने का संदेह हुआ। इसके बाद हमने एआई डिटेक्टर टूल के माध्यम से इस तस्वीर को सर्च किया।
एआई डिटेक्टर टूल हाइव मॉडरेशन के सर्च करके हमने इस तस्वीर को जांचा तो यहां हमें इस तस्वीर के 99.6 प्रतिशत एआई से बने होने का पता चला।
आगे हमने एक अन्य एआई डिटेक्टर टूल से इस तस्वीर को सर्च किया। साइट इंजन से सर्च करने पर हमें इस तस्वीर का 99 प्रतिशत एआई के माध्यम से बने होने की जानकारी मिली।
पड़ताल का नतीजा
हमारी पड़ताल में यह साफ है कि तस्वीर को एआई के माध्यम से बनाया गया है। इसके सच होने का कोई संकेत हमें नहीं मिला।