Fact Check: पीएम मोदी का शिवराज सिंह चौहान के बेटे की शादी का वीडियो भ्रामक दावे के साथ किया जा रहा शेयर
Fact Check: सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि सुप्रिया सुले की बेटी की विवाह समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हालचाल पूछते नजर आ रहे हैं। हमने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को गलत पाया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से हालचाल पूछते नजर आ रहे हैं। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो सुप्रिया सुले की बेटी के विवाह समारोह का है। जहां प्रधानमंत्री खरगे का हाल-चाल पूछ रहे हैं।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को भ्रामक पाया है। हमने पाया कि वायरल वीडियो केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के बेटे की शादी का है।
क्या है दावा
सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले की बेटी की शादी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से हालचाल पूछ रहे हैं।
अशोक शेरा (@ashokshera) नाम के एक्स यूजर ने लिखा, ‘दिल्ली में सुप्रिया सुले की बेटी के विवाह समारोह में खरगे ने पीएम मोदी पर चुटकी ली। मोदी: मैं तो वैसा ही हूं। खरगे: भाई साहब, थोड़ा बदल गए हैं!’ पोस्ट का लिंक आप यहां और आर्काइव लिंक यहां देख सकते हैं।

इस तरह के अन्य दावों का लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। इसके आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। इस दौरान Great Post News नाम के यूट्यूब चैनल पर वायरल वीडियो देखने को मिला। यह वीडियो 28 मई 2026 को साझा किया गया है। इसके साथ ही यहां बताया गया है कि पीएम नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी से हाल चाल पूछा !

इसके बाद हमें kauntey_singh नाम के इंस्ताग्राम यूजर के अकाउंट पर वायरल वीडियो देखने को मिला। यह वीडियो 17 सितंबर 2025 को साझा किया गया है।

यहां से पता चलता है कि वायरल वीडियो सुप्रिया सुले की बेटी के शादी से पहले का है। आगे की पड़ताल के लिए हमने अकाउंट में और सर्च किया। इस दौरान हमें एक वीडियो देखने को मिला। यह वीडियो 19 मार्च 2025 को साझा किया गया है। यहां बताया गया है, "आज रात्रि नई दिल्ली में माननीय केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान जी के सुपुत्र कार्तिकेय एवं कुणाल के “आशीर्वाद समारोह” में शामिल होकर नवदंपत्ति को सफल, सुखद और मंगलमय वैवाहिक जीवन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।"

इसके बाद हमने अमर उजाला के न्यूज डेस्क से संपर्क किया। इस दौरान हमें एक रिपोर्ट मिली। यह रिपोर्ट 18 मार्च 2025 को प्रकाशित की गई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार शाम राजधानी दिल्ली में अपने दोनों बेटे कार्तिकेय सिंह और कुणाल सिंह का रिसेप्शन दिया। चौहान ने यह तीसरी रिसेप्शन पार्टी दी है। इससे पहले वे दोनो बेटो का अलग-अलग रिसेप्शन मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में दे चुके हैं। इस रिसेप्शन में पीएम मोदी, स्वामी रामदेव, कंगना रनौत, स्वामी अवधेशानंद गिरी के अलावा कई अन्य हस्तियां भी पहुंची।

पड़ताल का नतीजा
हमने अपनी पड़ताल में वायरल वीडियो को शिवराज सिंह चौहान के बेटे की शादी में शामिल होने का पाया है।