नारायणगढ़ । कोयला आबंटन मामले में सुप्रीम कोर्ट की ओर से पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को जारी समन रद्द किए जाने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक मेहता ने इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे सच की जीत और एक महान नेता के सम्मान की पुनर्स्थापना बताया।
अशोक मेहता ने आरोप लगाया कि राजनीतिक द्वेष के तहत तत्कालीन विपक्ष और भाजपा ने एक बेदाग और बेहद ईमानदार व्यक्ति की छवि खराब करने की साजिश रची थी। उन्होंने कहा कि सीबीआई ने जांच के बाद दो बार क्लोजर रिपोर्ट दाखिल की थी, जिससे साफ था कि डॉ. सिंह के खिलाफ कोई आपराधिक सबूत नहीं था। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की पीठ ने भी माना कि निचली अदालत का समन जारी करने का फैसला कानूनी प्रक्रिया के अनुरूप नहीं था। हालांकि डॉ. सिंह आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन अदालत के इस फैसले से उनका बेदाग अक्स और सम्मान हमेशा के लिए अक्षुण्ण हो गया है। संवाद