सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Bhiwani News ›   Advanced Irrigation Fair begins in Tosham; CM Saini inaugurates and lays foundation stone for projects worth Rs 107.61 crore

Bhiwani News: तोशाम में उन्नत सिंचाई मेले का आगाज, सीएम सैनी ने 107.61 करोड़ की परियोजनाओं का किया उद्घाटन-शिलान्यास

Amar Ujala Bureau अमर उजाला ब्यूरो
Updated Wed, 01 Apr 2026 12:18 AM IST
विज्ञापन
Advanced Irrigation Fair begins in Tosham; CM Saini inaugurates and lays foundation stone for projects worth Rs 107.61 crore
तोशाम के चौधरी सुरेंद्र सिंह स्टेडियम में आयोजित आधुनिक तकनीकों पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन क
विज्ञापन
तोशाम। जल संसाधनों के बेहतर उपयोग के उद्देश्य से भिवानी जिले के तोशाम कस्बे में इरीगेशन एसोसिएशन ऑफ इंडिया व इरीगेशन एसोसिएशन ऑफ हरियाणा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय उन्नत सिंचाई मेले का उद्घाटन हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया। इस दौरान उन्होंने उन्नत सिंचाई उपकरणों की विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और तोशाम विधानसभा क्षेत्र के लिए बिजली, सिंचाई व अन्य विकास से जुड़ी छह योजनाओं का 107.61 करोड़ रुपये की लागत से उद्घाटन व शिलान्यास किया।
Trending Videos

मुख्यमंत्री ने कहा कि तोशाम क्षेत्र में पिछले 11 वर्षों के दौरान 1,727 करोड़ 54 लाख रुपये की 258 परियोजनाएं पूरी की गई हैं। उन्होंने सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी द्वारा सौंपे गए मांगपत्र के आधार पर क्षेत्र के लिए करोड़ों रुपये की नई योजनाओं की घोषणा भी की। इस मौके पर उन्होंने पूर्व कृषि मंत्री चौधरी सुरेंद्र सिंह की 21वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
विज्ञापन
विज्ञापन

मुख्यमंत्री ने कहा कि वैश्विक स्तर पर पेट्रोल वितरण में आई दिक्कतों के कारण दाम बढ़े हैं लेकिन भारत सरकार ने पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी 10 रुपये प्रति लीटर और डीजल पर शून्य कर कीमतों को स्थिर रखने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि युद्ध जैसी परिस्थितियों में गैस की कमी न हो इसके लिए हरियाणा सरकार ने गैस पाइपलाइन बिछाने की लीज दर तीन लाख रुपये प्रति किलोमीटर से घटाकर एक हजार रुपये प्रति किलोमीटर कर दी है।
उन्होंने बताया कि 28 मार्च से प्रदेश में सरसों की खरीद शुरू हो चुकी है और यह एमएसपी से ऊपर बिक रही है। सरकार रबी फसल का एक-एक दाना खरीदेगी। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत हरियाणा के किसानों को 22 किश्तों में अब तक 60 हजार 562 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं।
इस अवसर पर सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी और राज्यसभा सांसद किरण चौधरी ने कहा कि दक्षिण हरियाणा के इस सूखे क्षेत्र में चौधरी बंसीलाल और चौधरी सुरेंद्र सिंह की दूरदर्शिता के कारण आज अंतिम टेल तक पानी पहुंच रहा है। उन्नत सिंचाई मेले के माध्यम से किसानों को कम पानी में अधिक उत्पादन की तकनीकों की जानकारी दी जा रही है।

संकल्प पत्र के 217 में से 60 वायदे डेढ़ साल में पूरे किए
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने विधानसभा चुनाव के संकल्प पत्र के 217 में से 60 वायदों को डेढ़ साल में पूरा कर दिया है जबकि 157 वायदों पर कार्य प्रगति पर है। उन्होंने बताया कि तोशाम क्षेत्र के विकास के लिए पिछले साढ़े 11 वर्षों में 283 सीएम घोषणाएं की गईं जिनमें से 258 पूरी हो चुकी हैं और शेष पर काम जारी है।

लोगों ने मेहनत के बल पर बंजर भूमि को बनाया उपजाऊ : श्रुति चौधरी
महिला एवं बाल विकास तथा सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि 21 वर्ष पहले उनके पिता चौधरी सुरेंद्र सिंह ने सबसे पहले भूमि रिकॉर्ड का कंप्यूटरीकरण शुरू किया था। उन्होंने बताया कि चौधरी बंसीलाल ने इस क्षेत्र में लिफ्ट और ड्रिप इरिगेशन की शुरुआत कर किसानों को लाभ पहुंचाया। उन्होंने कहा कि यहां के लोगों ने अपनी मेहनत से बंजर भूमि को उपजाऊ बनाया है और किसानों से नई तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि नहरों की रीमॉडलिंग पर लगभग 5700 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं जबकि घग्गर ड्रेन के जीर्णोद्धार पर 450 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

संसद में 33 फीसदी महिला आरक्षण बिल आ रहा है: किरण चौधरी
राज्यसभा सदस्य किरण चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं की बेहतरी के लिए लगातार काम कर रहे हैं और संसद में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण बिल लाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाला समय महिलाओं का है और विकसित भारत के लक्ष्य को मिलकर पूरा करना होगा।

मुख्यमंत्री ने तोशाम को दी ये सौगात
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 107 करोड़ से अधिक लागत की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 13 करोड़ 99 लाख रुपये की लागत से दो पूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन और 93 करोड़ 62 लाख रुपये की लागत से चार नई परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य बिजली आपूर्ति को मजबूत करना, शिक्षा सुविधाओं का विस्तार करना और ग्रामीण आधारभूत ढांचे को सुदृढ़ करना है।
उद्घाटन की गई परियोजनाओं में बिडोला में 33 केवी सब स्टेशन जिसकी लागत 7 करोड़ 12 लाख रुपये और ढिघावा जाटान में स्कूल भवन का निर्माण 6 करोड़ 85 लाख रुपये में किया गया है। शिलान्यास की गई परियोजनाओं में लोहारू में 33 केवी सब स्टेशन (8 करोड़ 11 लाख रुपये), लोहारू ईशरवाल में 33 केवी सब स्टेशन (3 करोड़ 19 लाख रुपये), भाकड़ा में 33 केवी सब स्टेशन (6 करोड़ 7 लाख रुपये) और गरवा गांव में एक्वा पार्क (7 करोड़ 62 लाख रुपये) शामिल हैं।

ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में गांव सागवान की छात्रा मोनिका ने मुख्यमंत्री को अपने हाथ से बनाया स्केच भेंट किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश प्रभारी सतीश पूनिया, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी, भिवानी विधायक घनश्याम सर्राफ, बाढड़ा विधायक उमेद पातुवास, दादरी विधायक सुनील सांगवान, बवानीखेड़ा विधायक कपूर वाल्मीकि, महेंद्रगढ़ विधायक कंवर सिंह यादव, डीसी साहिल गुप्ता, एसपी सुमित कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।

तोशाम के लिए मुख्यमंत्री ने ये की घोषणाएं
तोशाम में आईएमटी के लिए एक सप्ताह में ई-भूमि पोर्टल खोला जाएगा और किसानों को उचित मुआवजा दिया जाएगा। गांव दिनोद में सीवरेज सिस्टम व जलापूर्ति विस्तार के लिए पंचायत द्वारा भूमि उपलब्ध कराने पर स्वर्ण जयंती महाग्राम योजना के तहत एसटीपी का निर्माण किया जाएगा जिस पर 97 करोड़ 96 लाख रुपये खर्च होंगे। तोशाम में बीडीपीओ कार्यालय का नया भवन बनाया जाएगा।
पंचायत द्वारा भूमि उपलब्ध कराने पर गांव मनसरबास में 33 केवी सब स्टेशन बनाया जाएगा। तोशाम में चयनित गांवों में मिनी खेल स्टेडियम बनाए जाएंगे। 50 बेड के अस्पताल को फिजिबिलिटी के बाद 100 बेड का किया जाएगा। कैरू के सरकारी कॉलेज में विज्ञान संकाय शुरू की जाएगी। तोशाम व जूई अनाज मंडियों में शेड व मार्केट कमेटी कार्यालय का निर्माण/मरम्मत किया जाएगा। मार्केट कमेटी की 22.14 किलोमीटर लंबी सड़कों का निर्माण करीब 11 करोड़ रुपये से किया जाएगा।
लोक निर्माण विभाग की 61 किलोमीटर लंबी 19 सड़कों का नवीनीकरण व चौड़ीकरण करीब 56 करोड़ 40 लाख रुपये से किया जाएगा। 170 किलोमीटर लंबी 42 सड़कों की मरम्मत पर 95 करोड़ रुपये खर्च होंगे। 47.37 किलोमीटर लंबी 13 सड़कों की मरम्मत करवाई जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में 25 किलोमीटर लंबे खेत रास्तों को पक्का किया जाएगा। 23 अन्य सड़कों का रखरखाव किया जाएगा।
विकास कार्यों के लिए पांच करोड़ रुपये की राशि दी जाएगी।

सूक्ष्म सिंचाई की आधुनिक मशीनों ने खींचा किसानों का ध्यान
प्रदर्शनी में करीब 80 स्टॉल लगाए गए हैं जहां नवीनतम मशीनों का प्रदर्शन किया जा रहा है। 30 से अधिक विशेषज्ञ किसानों को जानकारी दे रहे हैं। स्टॉलों में माइक्रो इरिगेशन, ड्रिप इरिगेशन, स्प्रिंकलर सिस्टम, एचडीपीई पाइप, ऑटोमेशन तकनीक और वाटर मैनेजमेंट से जुड़ी आधुनिक तकनीकों को प्रदर्शित किया गया है। समिट का उद्देश्य किसानों और युवाओं में आधुनिक तकनीकों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और कम पानी में अधिक उत्पादन को बढ़ावा देना है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed