सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Bhiwani News ›   Nautapa's wrath, power cuts take away peace

Bhiwani News: नौतपा का सितम, बिजली कटौती ने छीना सुकून

Amar Ujala Bureau अमर उजाला ब्यूरो
Updated Thu, 28 May 2026 01:22 AM IST
विज्ञापन
Nautapa's wrath, power cuts take away peace
गर्मी  में तेज धूप से बचने के लिए कृष्ण ने बाइक पर  लगाया तिरपाल।
विज्ञापन
भिवानी। नौतपा के चौथे दिन 44 डिग्री अधिकतम तापमान और 30 डिग्री न्यूनतम तापमान ने लोगों को बेहाल कर दिया। भीषण गर्मी के साथ बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में पांच से सात घंटे तक बिजली कटौती हो रही है। कई जगह हर आधे घंटे बाद बिजली कट लग रहे हैं।

नौतपा का चौथा दिन बेहद गर्म रहा। दोपहर के समय शहर के मुख्य मार्गों और बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। लोग गर्मी से बचने के लिए घरों में दुबके रहे। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 29 मई के बाद ही तपिश से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। लोग शीतल पेय पदार्थों का सहारा लेकर गर्मी से राहत पाने का प्रयास कर रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली कटौती और शहरी क्षेत्रों में पेयजल संकट लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। गर्मी के कारण आग लगने और शॉर्ट-सर्किट की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। बढ़ते लोड को देखते हुए बिजली निगम ने बिजलीघरों में लगे ट्रांसफार्मरों के पास कूलर लगाने की व्यवस्था की है।
विज्ञापन
Trending Videos

सुबह से ही सूर्य की तेज किरणें जमीन को तपा रही हैं और देर शाम तक गर्मी का असर बना रहता है। दोपहर के समय बाजारों में कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। दुकानदार खाली बैठे नजर आ रहे हैं और बाजारों में आवाजाही कम हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में बारिश की संभावना है। इसके बाद लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

29 तक तापमान में और होगी बढ़ोतरी
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम एवं कृषि वैज्ञानिक डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार हरियाणा में 29 मई तक मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा और बीच-बीच में दक्षिण-पश्चिमी गर्म हवा चलने की संभावना है। इससे तापमान में बढ़ोतरी होने और लू चलने की संभावना बनी हुई है। उन्होंने बताया कि 29 मई को एक पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ों की तरफ बढ़ने तथा राजस्थान के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने की संभावना है। इसके आंशिक प्रभाव से 29 मई रात्रि से एक जून तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में आंशिक बादल छाने, धूलभरी हवाएं चलने तथा कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है।

पार्षदों ने अघोषित बिजली कटौती के विरोध में सौंपा ज्ञापन
सेक्टर-13 और आसपास के क्षेत्रों में अघोषित बिजली कटौती के विरोध में पार्षदों की अगुवाई में बिजली निगम के अधीक्षण अभियंता को ज्ञापन सौंपा गया। लोगों ने कहा कि अघोषित बिजली कटौती और कम वोल्टेज की समस्या से लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। लोगों ने यह भी कहा कि निगम के ठेकेदार कई स्थानों पर नए बिजली पोल लगाने के बाद पुराने पोल वहीं छोड़ देते हैं जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ता है। अधीक्षण अभियंता ने समस्याओं के जल्द समाधान का भरोसा दिया। पार्षद सूर्या तंवर और संदीप यादव ने बताया कि सेक्टर और आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति की स्थिति सबसे अधिक खराब है। रात के समय बिजली कटौती के कारण लोगों को जागकर रात बितानी पड़ रही है। कई बार बिजली आने के बावजूद कम वोल्टेज के कारण कूलर और पंखे तक नहीं चल पाते।


गर्मी के मौसम में बिजली की खपत काफी बढ़ गई है। हालांकि सभी शहरी और ग्रामीण फीडरों का नियमित रूप से संचालन किया जा रहा है। अत्यधिक गर्मी को देखते हुए ट्रांसफार्मरों के रखरखाव को लेकर भी विशेष प्रबंध किए गए हैं। हमारा प्रयास उपभोक्ताओं को नियमित रूप से बिजली आपूर्ति कराने का है। लेकिन कुछ जगहों पर फाल्ट आता है तो उसे ठीक करने में थोड़ा वक्त लग जाता है। - विनोद पूनिया, अधीक्षण अभियंता, सर्कल प्रबंधक, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed