सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Haryana ›   Break on commercial gas in Haryana Impact on operations from hotels and dhabas to industries

हरियाणा में कॉमर्शियल गैस पर ब्रेक: होटल-ढाबों से लेकर उद्योगों तक कामकाज पर असर, घरेलू गैस पर 25 दिन का कैप

अमर उजाला ब्यूरो, चंडीगढ़ Published by: Naveen Updated Wed, 11 Mar 2026 08:47 AM IST
विज्ञापन
सार

यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, हिसार, सिरसा और फतेहाबाद में प्रशासन का कहना है कि घरेलू गैस की आपूर्ति सामान्य है। हालांकि यहां भी 25 दिन से पहले बुकिंग नहीं हो रही और एजेंसियों से सिलिंडरों का रिकॉर्ड नियमित रूप से लिया जा रहा है।

Break on commercial gas in Haryana Impact on operations from hotels and dhabas to industries
एलपीजी गैस सिलेंडर - फोटो : Indane
विज्ञापन

विस्तार

हरियाणा में एलपीजी गैस आपूर्ति को लेकर लगाए गए नए प्रतिबंधों का असर अब बाजार और उद्योगों पर दिखने लगा है। इसी के चलते मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने आधिकारिक आवास पर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक का मुख्य मुद्दा प्रदेश में घरेलू गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करना और किसी भी प्रकार की कालाबाजारी को रोकना था। 

Trending Videos


बता दें कि प्रदेश के कई जिलों में कॉमर्शियल गैस सिलिंडरों की आपूर्ति रोक दी गई है, जबकि घरेलू गैस सिलिंडर की बुकिंग पर 25 दिन का कैप लगा दिया गया है। इसके चलते होटल-ढाबा संचालकों, छोटे कारोबारियों और कुछ उद्योगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं प्रशासन का कहना है कि घरेलू गैस की आपूर्ति सामान्य है और जमाखोरी रोकने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन


रोहतक में कॉमर्शियल गैस की कमी के कारण 50 से अधिक इंडस्ट्री प्रभावित हो गई हैं। सत्या इंटरप्राइजेज सहित कई इकाइयों में पाउडर कोटिंग, भट्टी और बॉयलर से जुड़े काम रुक गए हैं जिससे करीब 70 मजदूर खाली बैठे हैं।

सोनीपत में घरेलू गैस की आपूर्ति सामान्य है लेकिन व्यावसायिक सिलिंडरों की आपूर्ति पर रोक लगा दी गई है। मुरथल क्षेत्र में पाइपलाइन से गैस सप्लाई जारी है। उद्योगपतियों को संभावित कटौती का नोटिस भी भेजा गया है। तेल कंपनियों की ओर से उपभोक्ताओं को भेजे जा रहे संदेशों में कहा गया है कि देश में ईंधन की पर्याप्त उपलब्धता है और कमी को लेकर फैलाए जा रहे दावे भ्रामक हैं। प्रशासन का कहना है कि घरेलू उपभोक्ताओं को गैस उपलब्ध कराने को प्राथमिकता दी जा रही है और जमाखोरी पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

कैथल में कॉमर्शियल गैस की आपूर्ति दो दिन से बंद है। होटल और ढाबा संचालकों को पिछले 10 दिनों से सिलिंडर नहीं मिले हैं, जिसके चलते कई जगहों पर लकड़ी से खाना बनाने की वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ रही है। जींद और झज्जर में भी एजेंसियों ने कॉमर्शियल सिलिंडरों की सप्लाई रोक दी है, जिससे रेहड़ी-फड़ी और छोटे खाद्य कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है। पानीपत में 5.50 लाख उपभोक्ता हैं और रोजाना करीब 11,100 घरेलू सिलिंडरों की खपत होती है। यहां अब 25 दिन से पहले गैस सिलिंडर की बुकिंग नहीं हो रही। कॉमर्शियल सिलिंडरों की बिक्री भी एजेंसियों ने बंद कर दी है जिससे होटल-ढाबा संचालकों को मुश्किल हो रही है।

करनाल में करीब 3.01 लाख उपभोक्ता और 42 गैस एजेंसियां हैं। डीएफएससी मुकेश कुमार ने बताया कि मुख्यालय के निर्देश पर कॉमर्शियल सिलिंडरों की आपूर्ति बंद कर दी गई है और केवल स्कूल, कॉलेज और अस्पतालों को ही सिलिंडर दिए जा रहे हैं। एजेंसियों से स्टॉक की नियमित रिपोर्ट ली जा रही है। अंबाला में मंगलवार को कॉमर्शियल सिलिंडरों की सप्लाई पूरी तरह बंद रही। हालांकि फिलहाल कई होटल और रेहड़ी संचालकों के पास अतिरिक्त सिलिंडर होने के कारण तत्काल संकट नहीं आया है लेकिन एक-दो दिन में स्थिति बदल सकती है।

यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, हिसार, सिरसा और फतेहाबाद में प्रशासन का कहना है कि घरेलू गैस की आपूर्ति सामान्य है। हालांकि यहां भी 25 दिन से पहले बुकिंग नहीं हो रही और एजेंसियों से सिलिंडरों का रिकॉर्ड नियमित रूप से लिया जा रहा है। चरखी दादरी, नारनौल, रेवाड़ी और जींद में घरेलू गैस के लिए भी उपभोक्ताओं को इंतजार करना पड़ रहा है। बुकिंग के बाद तीन-चार दिन में सिलिंडर मिल रहे हैं और कई जगह एजेंसियों को पीछे से सीमित सप्लाई मिल रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed