हरियाणा: राशन डिपो से नहीं मिलेगा दो लीटर तेल, खातों में आएंगे पैसे; 39.89 लाख बीपीएल परिवारों को सीधा लाभ
हरियाणा के करीब 39.89 लाख बीपीएल परिवारों को राशन डिपो से दो लीटर सरसों तेल मिलता था। अब सरकार ने तेल की जगह अब नकद सीधे बैंक खाते में भेजने का फैसला किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा में बीपीएल परिवारों को अब राशन डिपो से दो लीटर सरसों तेल नहीं मिलेगा। सरकार ने तेल की जगह अब 250 रुपये सीधे बैंक खाते में भेजने का फैसला किया है। अगस्त से लागू इस व्यवस्था का लाभ प्रदेश के करीब 39.89 लाख बीपीएल परिवारों को मिलेगा। हालांकि, अभी खातों में राशि भेजी नहीं गई है।
15 अगस्त के बाद भुगतान शुरू होने की संभावना है। अब तक लाभार्थियों को राशन डिपो से दो लीटर कच्ची घानी सरसों तेल 100 रुपये में मिलता था। बाजार में इसकी कीमत करीब 280 से 400 रुपये तक है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अनुसार, हैफेड के पास सरसों की उपलब्धता कम होने के कारण व्यवस्था में बदलाव किया गया है। सरकार आगे चलकर इस राशि को 250 से बढ़ाकर 300 रुपये करने पर भी विचार कर सकती है। फिलहाल लाभार्थियों को 250 रुपये देने का फैसला किया गया है।
तेल से नकद और फिर तेल, अब दोबारा नकद
हरियाणा में सरसों तेल योजना पहले भी कई बार बदली है। वर्ष 2018 में डिपो से एक लीटर तेल देना शुरू किया गया था। बाद में मात्रा दो लीटर कर दी गई। वर्ष 2021 में तेल की आपूर्ति प्रभावित होने पर दो लीटर तेल के बदले 250 रुपये खाते में भेजे गए। वर्ष 2022 में फिर डिपो से तेल देना शुरू कर दिया गया। यह व्यवस्था 2024 तक जारी रही। अब अगस्त 2026 से फिर नकद भुगतान किया जाएगा।
डिपुओं पर 20 लाख लीटर तेल पड़ा
तेल की नई व्यवस्था लागू होने के बाद भी डिपुओं पर पुराना स्टॉक बचा हुआ है। प्रदेश के 7,411 राशन डिपुओं पर करीब 20 लाख लीटर तेल मौजूद है। जुलाई का तेल भी कुछ जिलों में लाभार्थियों को नहीं मिल पाया है। डिपो संचालकों को बचा हुआ स्टॉक वितरित करने का मौका दिया गया है।
ऑल राशन डिपो होल्डर वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा के मीडिया प्रभारी गुरतेज सिंह सोढ़ी ने बताया कि पिछली बार भी नकद भुगतान शुरू होने के बाद तेल का स्टॉक करीब आठ माह तक डिपुओं पर पड़ा रहा था। बाद में अतिरिक्त कमीशन देकर स्टॉक का निपटारा कराया गया था।