चरखी-दादरी गैंगवार: 24 घंटे बाद भी पुलिस खाली हाथ, सुरक्षा पर सवालिया निशान छोड़ गए शहर दहलाने वाले हमलावर
चरखी-दादरी में कोर्ट से महज 50 मीटर की दूरी और सिटी थाने के सामने अचानक हुई गोलीबारी से पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। लोग चपेट में आने से डर से इधर-उधर भागने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों के हाथ में विदेशी पिस्टल थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चरखी दादरी शहर में दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग कर सात लोगों को घायल करने वाले हमलावर वारदात के 24 घंटे बीतने के बाद भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। गुरुवार दोपहर 12 बजे सबसे व्यस्त और सुरक्षित माने जाने वाले कोर्ट रोड पर सिटी थाने के ठीक सामने बदमाश आतंक मचाकर भाग गए और पुलिस कुछ न कर सकी। बदमाशों के हौसलें इतने बुलंद थे कि चेहरे को न तो कपड़े से ढका और ना ही किसी तरह का नकाब पहन रखा था।
पुलिस जब तक अलर्ट मोड में आती बदमाश रफूचक्कर हो गए। हैरत की बात ये है कि पुलिस एक दिन पहले ही कावड़ियों की सुरक्षा के लिए जिन 27 नाके लगाने और पुलिसकर्मियों की तैनाती की बातें धरी की धरी रह गई। बिना नकाब के ताबड़तोड़ गोलियां चलाने वाले हमलावर सीसीटीवी में भी रिकॉर्ड हो गए और लोगों ने भी वीडियो बना ली बावजूद इसके पुलिस के हाथ खाली हैं। बदमाश पूरी तैयारी के साथ आए थे। वे चप्पे-चप्पे से वाकिफ थे।
बदमाश ये जानते थे कि कोर्ट में पेशी पर आने के दौरान युवकों के पास हथियार नहीं होने की संभावना रहेगी। बाइक पर इसलिए आए ताकि जाम में न फंसें। भागने के दौरान गाड़ी का इस्तेमाल किया ताकि पकड़ में न आएं और दूर जा सकें। गाड़ी को पहले ही आर्य समाज वाली गली में खड़ा कर दिया ताकि वारदात को अंजाम देते ही भागने में आसानी हो। पुलिस गाड़ी को देख भी नहीं सकी, चश्मदीदों ने ही बताया कि हमलावर उत्तराखंड नंबर की एक गाड़ी में भागे हैं। पुलिस जब तक नाकों पर सूचना देती हमलावर दूर जा चुके थे।
गैंगवार में चली गोलियां, दहला शहर
अदालत में पेशी के बाद लौट रहे स्कॉर्पियो सवार सात युवकों पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने करीब 30 गोलियां दाग दीं। पुलिस की जांच में सामने आया कि वारदात को गैंगवार के चलते अंजाम दिया गया है। वारदात में सभी सात युवक घायल हैं और तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। हमलावर कोर्ट परिसर से ही उनका पीछा कर रहे थे। जैसे ही स्कॉर्पियो सिटी थाने के सामने पहुंची, बदमाशों ने वाहन के आगे बाइक लगाकर उसे रुकवा लिया और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। चश्मदीदों के अनुसार करीब 30 से अधिक गोलियां दागी गईं वहीं पुलिस ने 15 गोलियां चलाने की बात कही। अधिकांश गोलियां स्कॉर्पियो के साइड वाले हिस्से पर लगीं जिससे वाहन के शीशे टूट गए और बॉडी छलनी हो गई। गोलियां स्कॉर्पियो में बैठे युवकों के पेट और पैरों में लगीं। ताबड़तोड़ गोलियां चलने से शहर दहल गया।
कीर्तिमान, अमित और विजय की थी पेशी, चार साथ में आए थे
पुलिस के अनुसार स्कॉर्पियो में सवार कीर्तिमान निवासी टोकस (हिसार), अमित निवासी फतेहगढ़ (चरखी दादरी) और विजय उर्फ सन्नी निवासी गंगवा (हिसार) बाढड़ा थाना में दर्ज अभियोग संख्या 23 (27 जनवरी 2025) में जिला एवं सत्र न्यायाधीश दादरी की अदालत में पेशी पर आए थे। इन युवकों पर गैरकानूनी जमाव, दंगा व घातक हथियार के साथ दंगा, मारपीट व गंभीर चोट पहुंचाना, लोक सेवक पर हमला, आपराधिक धमकी, हत्या का प्रयास तथा आपराधिक षड्यंत्र जैसी गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज हैं। इसी मामले की पेशी पर ये कोर्ट आए थे। इनके साथ कृष्ण निवासी महेंद्रगढ़, अंकित निवासी मानकावास (चरखी दादरी), अंकित निवासी भिवानी और सूरज निवासी मानहेरू (भिवानी) भी स्कॉर्पियो में सवार थे।
वायरल ऑडियो में गोदारा गैंग के गुर्गे नवीन बॉक्सर ने ली जिम्मेदारी
दोपहर को हुई वारदात के बाद वीरवार शाम को रोहित गोदारा गैंग की एक ऑडियो सामने आई। ऑडियो में गैंग सदस्य नवीन बॉक्सर ने कहा-राम-राम सारे भाइयों नै...मैं नवीन बॉक्सर, रोहित गोदारा ग्रुप से। आज दादरी के अंदर अमित फतेहगड़िया के ऊपर अटैक हुआ है, इसके 2 साथी मरे हैं। इसकी जिम्मेदारी हम लेते हैं। सभी कान खोलकर सुन लेना, ये लड़ाई अभी शुरू हुई है। इनके साथ चलने वाला हमारा दुश्मन होगा। पुलिस इस ऑडियो और जारी करने वाले की जांच में जुटी है।
किस पर कितने मामले दर्ज
पेशी पर गए तीन लोगों में से कीर्तिमान पुत्र वेदपाल वासी गांव टोकस, हिसार पर कुल 15 केस दर्ज हैं। अमित पुत्र चांदराम वासी फतेहगढ़, चरखी दादरी पर कुल 21 केस दर्ज हैं। विजय उर्फ सन्नी पुत्र पालाराम वासी गांव गंगवा, हिसार पर दर्ज मामलों की जानकारी पुलिस जुटा रही है। इसके अलावा साथ आए युवकों में अंकित उर्फ बाबा पुत्र सतबीर वासी मानकावास, चरखी दादरी पर कुल 05 केस दर्ज हैं। अंकित पुत्र सुरेश वासी धराना, भिवानी पर कोई केस दर्ज नहीं हैं। सूरज पुत्र प्रवीन वासी मान्हेरू, भिवानी पर कुल 01 केस दर्ज है। कृष्ण उर्फ भोलाराम पुत्र सुरेन्द्र वासी खेराना थाना सदर कनीना, जिला महेंद्रगढ़ पर कुल एक केस दर्ज है।
बाजार में मची अफरा-तफरी
कोर्ट से महज 50 मीटर की दूरी और सिटी थाने के सामने अचानक हुई गोलीबारी से पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। लोग चपेट में आने से डर से इधर-उधर भागने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों के हाथ में विदेशी पिस्टल थी। वारदात के बाद तीनों बदमाश बाइक पर सवार होकर आर्य समाज मंदिर वाली गली की ओर हथियार लहराते हुए भाग गए। स्थानीय लोगों ने दावा किया कि हमलावर आगे खड़ी उत्तराखंड नंबर की एक गाड़ी में बैठकर भागे हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दोनों ओर का यातायात बंद कराया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जबकि क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो को कब्जे में लेकर सिटी थाना परिसर में खड़ा कराया गया।
गैंगवार के एंगल पर जांच, कई टीमें गठित
डीएसपी मुख्यालय धीरज कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला गैंगवार से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अपराध जांच शाखा की दोनों इकाइयों, थाना शहर दादरी और एसटीएफ रोहतक की टीमों को लगाया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।