हरियाणा में दिखा मानसून का दम: 16 जिलों में झमाझम बरसे बदरा, सड़कों पर जलभराव; अगले दो दिन भारी बारिश का अलर्ट
हरियाणा प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। मंगलवार को प्रदेश के 16 जिलों में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा प्रभाव दक्षिणी और पश्चिमी जिलों में देखा गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रदेश के 16 जिलों में अच्छी बारिश हुई। इन जिलों में सोमवार रात से शुरू हुआ बारिश का दौर मंगलवार दोपहर तक रुक-रुककर चलता रहा। पलवल में सबसे अधिक 74 मिमी., नारनौल में 45 , सिरसा में 58, गुरुग्राम में 31, दादरी में 28, रोहतक में 26.4 और करनाल में 26 मिमी बारिश दर्ज की गई। हिसार और भिवानी शहर में दिनभर बादल छाए रहे लेकिन फतेहाबाद में 11 और भट्टूकलां में 27 मिमी बारिश दर्ज की गई। हिसार शहर में 4.4 एमएम बारिश हुई लेकिन ग्रामीण क्षेत्राें में 13 से 19 एमएम तक बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन में अच्छी बारिश के आसार हैं।
मौसम विशेषज्ञ डॉ चंद्रमोहन ने बताया कि बंगाल की खाड़ी पर बनीं हलचल का असर हरियाणा और दिल्ली- एनसीआर में देखने को मिला है। बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर एरिया बनने के साथ ही हरियाणा में मानसून की सक्रियता बढ़ने लगी है। उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है जिससे मानसून टर्फ अपने सामान्य स्थिति पर पहुंच गई है। अगले दो दिन में पूरे प्रदेश में अच्छी बारिश के आसार बन रहे हैं और 30 जुलाई तक रुक-रुककर बारिश की गतिविधियां चलती रहेंगी।
एक साथ पूरे प्रदेश में बारिश की बजाय कभी उत्तरी, कभी पूर्वी जिलों में तो कभी मध्यवर्ती और दक्षिणी जिलों में बारिश देखने को मिलेगी। सिरसा में मंगलवार सुबह मानसून की पहली जबरदस्त बारिश से प्रमुख मार्गों पर जलभराव हो गया। सुबह करीब पांच बजे से शुरू हुई बारिश रुक-रुककर 10 बजे तक चलती रही। बारिश से गांव अहमदपुर में छत गिर गई।
गनीमत रही कि किसी को नुकसान नहीं पहुंचा। चरखीदादरी में लगातार दूसरे दिन बारिश की झड़ी लगी रही। मौसम विभाग ने दो दिन में 40 एमएम बारिश दर्ज की है। फतेहाबाद जिले में सोमवार देर रात से बारिश का सिलसिला मंगलवार तक जारी रहा। टोहाना और जाखल क्षेत्र को छोड़कर सभी जगह बारिश हुई।