डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा ने सोमवार को एकलव्य स्टेडियम के सामने स्थित हुडा ग्राउंड का दौरा किया। उन्होंने पांच अप्रैल को होने वाली मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की धन्यवाद एवं विकास रैली की तैयारियों का जायजा लिया।
उन्होंने पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में उपायुक्त मोहम्मद इमरान रजा और एसपी कुलदीप सिंह के साथ बैठक कर अधिकारियों को निर्देश दिए। डिप्टी स्पीकर ने कहा कि रैली के दौरान मुख्यमंत्री कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे, इसलिए सभी विभाग अपनी औपचारिकताएं समय से पूरी कर लें।
डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने संबंधित अधिकारियों को रैली से पहले सड़कों का पैचवर्क ठीक करने और खराब स्ट्रीट लाइट को तत्काल बदलने के आदेश दिए। दो अप्रैल को कार्यक्रम की फाइनल रिहर्सल होगी। मौके पर एसडीएम सत्यवान मान, सीटीएम मोनिका रानी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।