कुरुक्षेत्र। रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन सेक्टर-30 और हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के सहयोग से सेक्टर-30 में एक आधुनिक सामुदायिक केंद्र का निर्माण होगा। इसमें बैडमिंटन कोर्ट, टेबल टेनिस कक्ष और जिम जैसी अनेक सुविधाएं होंगी। पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा ने करीब 8.14 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस केंद्र का शिलान्यास किया। उन्होंने सड़क नवीनीकरण का भी उद्घाटन किया। सुभाष सुधा ने कहा कि यह सामुदायिक केंद्र शहर का सबसे आधुनिक और भव्य होगा। इससे सभी आयु वर्ग के लोगों को लाभ मिलेगा। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान डॉ. केवल कृष्ण और उनकी टीम के प्रयासों को दिया। एसोसिएशन ने पिछले वर्षों में सेक्टर के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य किया है।
एसोसिएशन प्रधान डॉ. केवल कृष्ण ने बताया कि सुभाष सुधा के प्रयासों से ही सेक्टर को सामुदायिक केंद्र के लिए दो एकड़ जमीन और 8.14 करोड़ रुपये का बजट मिला। उन्होंने कहा कि अब सेक्टर में सड़क, बिजली और पानी जैसी सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इस दौरान एसोसिएशन ने सेक्टर-30 में मंदिर निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने का मांग-पत्र भी सुभाष सुधा को सौंपा। एचएसवीपी के कार्यकारी अभियंता कैलाश, एसडीओ सुखविंदर सैनी, नरेश कुमार, कनिष्ठ अभियंता योगेंद्र सिंह, यूपीएससी में 319वीं रैंक प्राप्त करने वाले डॉ. अमनदीप सैनी और एएसआई तेजपाल सिंह को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एसोसिएशन के संरक्षक डॉ. वीवी छिकारा, पूर्व प्रधान सुरेश कुमार सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।