कुरुक्षेत्र। खाटू धाम मंदिर में मंगलवार रात्रि भव्य श्री श्याम संकीर्तन और विशाल भंडारा हुआ। कार्यक्रम का आयोजन श्री खाटू श्याम परिवार सेवा समिति ने किया। द्वादश के उपलक्ष्य में हुए संकीर्तन में मुख्य यजमानों सहित समिति सदस्यों ने श्याम पूजन किया। श्रद्धालुओं ने पंक्तिबद्ध होकर भव्य श्याम दरबार के दर्शन किए। श्याम दरबार में पुष्प शृंगार और इत्र की खुशबू से वातावरण महक उठा। गौरी-गणेश पूजन और मां सरस्वती वंदना से संकीर्तन आरंभ किया।
राजस्थान के सूरतगढ़ से गायिका वैष्णवी जनवेजा और बब्बू चावला ने श्याम भजनों की झड़ी लगाई। तू किरपा कर बाबा, कीर्तन करवाउंगा, दरबार अनोखा सरकार अनोखी खाटू वाले की हर बात अनोखी, देर न करो न करो इंतजार श्याम जी के चरणों से कर ले तू प्यार, शायद मेरे बाबा को खयाल हमारा आया है, बाबा ने हमें कीर्तन में बुलाया है और जिसकी चौखट पे झुकता ये संसार है उस चौखट के हम सेवादार हैं... इत्यादि भजन सराहे गए। देर रात्रि तक चले भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे।
पदाधिकारियों ने श्याम भक्तों से निवेदन किया कि मंदिर विस्तार के निर्माण कार्य में सभी सहयोग करें। श्याम भक्तों ने बारी-बारी से चंवर सेवा की। संकीर्तन के बाद आरती हुई और आरती के बाद श्याम जी का पुष्प शृंगार भक्तों को प्रदान किया गया। संकीर्तन के साथ विशाल भंडारा चलता रहा जिसमें श्याम भक्तों ने भोजन प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर समिति के प्रधान सुभाष सुखीजा, सचिव अटल शर्मा, कोषाध्यक्ष रमेश शर्मा, राजेश, आशीष, विनीत, राजू, अशोक, ललित, डॉ. घनश्याम, डॉ. शिवकुमार और सतीश कारसा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

कुरुक्षेत्र। श्री खाटू श्याम मंदिर में आराध्य का गुणगान करते कलाकार। स्वयं