कुरुक्षेत्र। सीएम सिटी को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग पिपली-लाडवा रोड कई दिनों से खस्ताहाल है। गांव निवारसी मोड़ के निकट सड़क को उखड़े हुए लगभग एक माह होने को है। इसके बावजूद अधिकारी इसे दुरुस्त करने में गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। प्रशासन की इसी लापरवाही से कई वाहन चालक फिसल कर चोटिल भी हो चुके हैं।
निवारसी से प्रतिदिन कुरुक्षेत्र की तरफ आने वाले राहगीर रजत ने बताया कि एक माह होने को है लेकिन उखाड़ी गई सड़क को बनाने के लिए अभी तक कोई कार्य शुरू नहीं हो पाया है। आए दिन दुपहिया वाहन चालकों का फिसलना और चोटिल होना आम बात हो चुकी है। चार दिन पहले भी दो लोग बजरी पर फिसलने से अचानक गिर पड़े, उनके पीछे से एक और बाइक आई और वह भी उनसे भिड़ गई। गनीमत रही कि चालकों की जान बच गई। राहगीरों ने कहा कि रोड बनाने का काम यदि चलता भी है तो आधा-अधूरा ही हो पाता है। फिर कई-कई दिन काम नहीं होता।
वाहन चालक प्रदीप, विनोद, सुशील और अमित सहित अन्य राहगीरों ने कहा कि सीएम सिटी के मुख्य मार्ग का ऐसा हाल है तो प्रदेश के बाकी मार्गों का क्या हाल होगा। पिपली-लाडवा रोड पर उखड़े टुकड़े को दुरुस्त करने के संबंध में लोक निर्माण विभाग के एसडीओ शाखा लाडवा और एक्सईएन कुरुक्षेत्र से कई बार संपर्क किया गया लेकिन जनसमस्या के समाधान के लिए दोनों की तरफ से कोई जवाब नहीं आया।

कुरुक्षेत्र। पिपली-लाडवा रोड पर निवारसी मोड़ के निकट उखड़ी सड़क से गुजरते वाहन चालक। संवाद