कुरुक्षेत्र। श्री खाटू श्याम परिवार सेवा समिति की ओर से अभिमन्युपुर गांव में मंगलवार शाम को श्री श्याम संकीर्तन और भंडारा आयोजित किया गया। श्री संकीर्तन में मुख्य यजमान सुभाष चौहान और सतपाल चौहान परिवार ने श्याम पूजन किया। भक्तों ने श्री श्याम जी का पुष्प शृंगार किया। पुष्प शृंगार और इत्र की खुशबू से वातावरण महक उठा। गौरी-गणेश पूजन और मां सरस्वती वंदना से आरंभ हुए संकीर्तन में गायक बब्बू चावला ने श्याम भजनों की झड़ी लगाई।
इनमें हम श्याम दीवाने हैं, ये शान से कहते हैं....., तेरी मुरली का ऐसा नशा हो गया, सारी दुनिया को छोड़ मैं तेरा हो गया....., भीड़ लगी है खाटू की गलियों में, श्याम तेरे दर्शन को मेरा नंबर कब आएगा....., श्याम सारे जग से हार के मैं आया तेरे द्वार, यहां भी हार गया तो जाऊं कहां सरकार..... और म्हारे संकट दूर न हुए तो ये बदनामी थारी है.....इत्यादि भजनों पर श्याम भक्त झूम उठे। श्याम जी के जयकारों से सारा वातावरण गुंजायमान हुआ।
श्याम मंदिर (कुरुक्षेत्र धाम) के मुख्य पुजारी आचार्य शंभु प्रसाद और सचिव अटल शर्मा ने बताया कि संकीर्तन में श्याम भक्तों ने बारी-बारी से चंवर सेवा की। संकीर्तन के दौरान श्याम जी की गाथा में बताया गया कि ये हारे के सहारे हैं। इनके दरबार से आज तक कोई निराश नहीं आया। इस दौरान श्री श्याम आरती में प्रधान सुभाष सुखीजा, सचिव अटल शर्मा, कोषाध्यक्ष रमेश शर्मा, राजेश मोदगिल, आशीष चोपड़ा, विनीत राजपाल, राजू छाबड़ा, अशोक शर्मा, अशोक अरोड़ा, ललित अत्री, डॉ. घनश्याम शर्मा, डॉ. शिव कुमार, सतीश कारसा, लवकेश शर्मा, जतिन शर्मा, विजय गुलाटी और राजीव बारना आदि शामिल रहे।