नारनौल। जिला परिषद के सभागार में जिलास्तरीय पंप ऑपरेटर अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर 80 नलकूप चालकों को नल जल मित्र के रूप में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह समारोह जल शक्ति मंत्रालय के तहत आयोजित जल महोत्सव पखवाड़ा के अंतर्गत जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग एवं जल एवं स्वच्छता सहायक संगठन ने किया।
इस अवसर पर जिले के प्रत्येक खंड से 10-10 पंप ऑपरेटरों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिला सलाहकार मंगतुराम सरसवा ने बताया कि यह पखवाड़ा हर वर्ष 8 से 22 मार्च तक मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पानी केवल एक बुनियादी सुविधा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा, आजीविका और सामुदायिक जीवन से गहराई से जुड़ा हुआ है।
कार्यक्रम के दौरान कनिष्ठ अभियंता नरेश चंदेला ने पंप ऑपरेटरों को नलकूप, मोटर एवं स्टार्टर के संचालन और रखरखाव से संबंधित आवश्यक जानकारी दी। उपमंडल अभियंता मुकेश कुमार ने नलकूप चालकों को जल संरक्षण, जल प्रबंधन व लॉग बुक के माध्यम से कार्यों के रिकॉर्ड संधारण के निर्देश दिए।