नारनौल। कॉमर्शियल सिलिंडरों की मारामारी अब आमजन पर भारी पड़ने लगी है। खाड़ी देशों में चल रहे आपसी युद्ध का खामियाजा यहां आमजन को भुगतना पड़ रहा है। इसी का परिणाम है कि कॉमर्शियल गैस सिलिंडर पर पकने या बनने वाले सभी खाद्य उत्पादों के दाम बढ़ रहे हैं और आम आदमी की जेब ढीली होती जा रही है।
सोमवार को जहां शहर में चाय, कॉफी, समोसे व कचौरी आदि के दाम बढ़ाए गए थे, वहीं मंगलवार को छोले भटूरे, नान सब्जी व भोजन की थाली पर भी दुकानदारों व रेहड़ी संचालकों ने 10 रुपये का इजाफा कर दिया है। ऐसे में छोले भटूरे 40 रुपये से बढ़कर 50 रुपये के हो गए हैं।
नगर परिषद के बगल में स्थित शहर के मशहूर छोले भटूरे व नान सब्जी की दुकान चलाने वाले राजबीर ने बताया कि कॉमर्शियल सिलिंडर के महंगे होने व सप्लाई में आ रही परेशानी के कारण 10 रुपये बढ़ाए गए हैं। उन्होंने बताया कि सब्जी व अन्य सामान चूल्हे पर बनाना पड़ रहा है और लकड़ी के गुटकों को खरीदने पर अतिरिक्त वित्तीय भार भी बढ़ गया है। ऐसे में मजबूरन रेट बढ़ाना पड़ा।