Panchkula: मामूली कहासुनी के बाद भाई के साले ने की युवक की हत्या, तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
रवि, उसका भाई बंटी और बंटी की पत्नी का भाई विक्की शुक्रवार रात करीब नौ बजे घर के पास घग्गर नदी के किनारे बैठे हुए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर रवि और बंटी के बीच बहस हो गई। इसके बाद विक्की ने रवि की हत्या कर दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंचकूला के गांव नाडा में शुक्रवार देर रात मामूली विवाद ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। घग्गर नदी के किनारे हुई कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई और 32 वर्षीय रवि की जान चली गई।
आरोप है कि रवि के भाई के साले ने धारदार हथियार से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग निकला। पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
दोनों भाइयों में हुई थी बहस
जानकारी के अनुसार रवि, उसका भाई बंटी और बंटी की पत्नी का भाई विक्की शुक्रवार रात करीब नौ बजे घर के पास घग्गर नदी के किनारे बैठे हुए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर रवि और बंटी के बीच बहस हो गई। विवाद बढ़ने पर बंटी वहां से चला गया लेकिन विक्की ने रवि पर तंज कसना और उसे उकसाना जारी रखा।
भाभी के भाई के साथ बढ़ी बात
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों के बीच कहासुनी बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गई। इसी दौरान विक्की ने किसी धारदार हथियार से रवि पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद रवि मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भाग गया। परिजन और स्थानीय लोग घायल रवि को तत्काल सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की।
उत्तर प्रदेश का रहने वाला था मृतक
मृतक रवि मूलरूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला था और नाडा गांव में रहकर मेहनत-मजदूरी करता था। वह अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है। रवि की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। अस्पताल में परिजनों और परिचितों की भारी भीड़ जुट गई, जहां कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति भी बनी रही। पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मामले की जांच की जा रही है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और आरोपी की तलाश में पुलिस टीमें जुटी हुई हैं। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। -योग ध्यान सिंह, एडिशनल एसएचओ, चंडीमंदिर