रोहतक। बीएसएनएल रोहतक में एससी, एसटी कर्मचारी कल्याण संघ का जिला सम्मेलन एवं चुनाव संपन्न हुआ। इसमें गोपाल कटारिया को जिला अध्यक्ष व अतिंद्र कुमार को जिला सचिव चुना गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग के उपाध्यक्ष विजेंद्र बड़गुज्जर ने शिरकत की। उन्होंने कर्मचारियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने, संगठित होकर काम करने व समाज के उत्थान में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया। विशिष्ट अतिथि के रूप में बीएसएनएल रोहतक के महाप्रबंधक इसरार अहमद उपस्थित रहे।
सम्मेलन का उद्देश्य संगठन को मजबूत करना, कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श करना और एससी, एसटी कर्मचारियों के बीच एकता को बढ़ावा देना रहा। इस अवसर पर विजय पाल, मनीष गौतम, विजेंद्र सिंह, सूरजमल, राजेश अलवरिया आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।