Solan: रामशहर के कृषि सेवा सहकारी समिति में 700 बोरी यूरिया की खेप पहुंची
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के रामशहर क्षेत्र में यूरिया खाद की बढ़ती मांग के बीच सोमवार को रामशहर कृषि सेवा सहकारी समिति में यूरिया की 700 बोरी की एक और खेप पहुंची। खाद सप्लाई की सूचना मिलते ही धरमाना, डोली, चढ़ोग, बहेड़ी, मटूली, छियाछी और चमदार सहित करीब 30 से 35 पंचायतों से किसान व बागवान सुबह ही डिपो परिसर में जुटना शुरू हो गए। समिति परिसर के बाहर दोपहिया वाहनों, कारों और पिकअप ट्रकों की लंबी कतारें लग गईं। बारिश के मौसम में खाद की ज्यादा जरूरत रहने के कारण किसानों को लंबे समय से इसका इंतजार था।
किसानों ने कहा
किसान लोकराज ने बताया कि हमारे पास खेती-बाड़ी का रकबा काफी अधिक है और फसलों के लिए ज्यादा खाद की आवश्यकता रहती है। लेकिन फिलहाल खाद की सीमित उपलब्धता को देखते हुए प्रति किसान केवल एक-एक बोरी ही दी जा रही है। अगर पर्याप्त खाद मिल जाए तो किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। किसान राम ने बताया कि काफी लंबे समय के इंतजार के बाद आज हमें जाकर यूरिया की एक बोरी मिल पाई है। खाद की किल्लत से फसल प्रभावित हो रही थी।बीडीसी सदस्य अमन कुमारी ने कहा कि धरमाना, डोली और चढ़ोग क्षेत्र में इस वर्ष फसल काफी अच्छी है। फसल अच्छी होने के कारण ही यूरिया खाद की मांग तेजी से बढ़ी है। डिपो में खाद पहुंचने से किसानों को राहत मिली है, लेकिन सरकार को खाद की नियमित आपूर्ति बनाए रखनी चाहिए।
मनोहर सिंह सहायक सचिव रामशहर समिति ने बताया कि डिपो में अब तक करीब 3,900 बोरी यूरिया खाद पहुंच चुकी है और उसका पारदर्शी तरीके से वितरण किया गया है। सोमवार को आई 700 बोरी खाद भी बांटी जा रही है। किसानों की भारी मांग को देखते हुए जल्द ही 700 बोरी यूरिया की एक और खेप मंगवाने के लिए प्रशासन को मांग भेजी जा रही है। नेक राम समिति कमेटी सदस्य ने कहा कि हमारी प्राथमिकता है कि दूर-दराज से आए हर किसान को खाद मिले। विभाग का पूरा सहयोग मिल रहा है। मांग अधिक होने के कारण एक और गाड़ी खाद की व्यवस्था तुरंत करवाई जाएगी ताकि किसी किसान को खाली हाथ न लौटना पड़े। मनीष शर्मा अध्यक्ष, कृषि सेवा सहकारी समिति रामशहर ने बताया कि किसानों की जरूरत के हिसाब से लगातार उच्च अधिकारियों को रिक्वायरमेंट भेजी जा रही है। समिति का प्रयास है कि क्षेत्र में खाद की कोई किल्लत न रहे और समय-समय पर अतिरिक्त आपूर्ति मिलती रहे।