Himachal Weather: चंबा के सचे जोत में फटा बादल; प्रदेश में 136 सड़कें बंद, इतने दिन बरसेंगे बादल
शिमला समेत कांगड़ा, चंबा, मंडी, कुल्लू और ऊना में झमाझम बादल बरसे। कई जिलों में बारिश-भूस्खलन से जनजीवन प्रभावित रहा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मौसम विभाग के येलो अलर्ट के बीच गुरुवार को भी राजधानी शिमला समेत कांगड़ा, चंबा, मंडी, कुल्लू और ऊना में झमाझम बादल बरसे। कई जिलों में बारिश-भूस्खलन से जनजीवन प्रभावित रहा। चंबा जिले के सचे जोत क्षेत्र में बादल फटने से चुराह उपमंडल के सतरूडी नाला, रानीकोट एवं कार्थ नाला में बाढ़ आ गई। इससे साच पास सड़क पर वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। तीनों नालों में बाढ़ आने से भारी मात्रा में मलबा और पत्थर सड़क पर जमा हो गए। कई स्थानों पर सड़क टूट भी गई है। सड़क बंद होने से बैरागढ़, साच पास और किलाड़ क्षेत्र का संपर्क चंबा मुख्यालय से कट गया है। हालांकि, जहां बादल फटा है, उन स्थानों पर जनहानि की अभी तक कोई सूचना नहीं है।
64 बिजली ट्रांसफार्मर और 375 पेयजल योजनाएं ठप
गुरुवार शाम तक प्रदेश में 136 सड़कें बंद रहीं। 64 बिजली ट्रांसफार्मर और 375 पेयजल योजनाएं ठप होने से कई क्षेत्रों में बिजली-पानी की सेवाएं प्रभावित रहीं। नदी-नाले उफान पर आने से कुछ क्षेत्रों में बाढ़ आने का खतरा बना हुआ है। राजधानी शिमला में सुबह के समय बादल झमाझम बरसे। दोपहर बाद भी शहर में बारिश हुई। कांगड़ा जिले के कई क्षेत्रों में बारिश हुई। खराब मौसम के चलते दिल्ली-धर्मशाला के बीच दो उड़ानें रद्द करनी पड़ीं, जबकि अन्य उड़ानें भी निर्धारित समय से देरी से पहुंचीं। मंडी जिले में बारिश का सबसे अधिक असर देखने को मिला। यहां सड़कों और पेयजल योजनाओं को काफी नुकसान पहुंचा है। धर्मपुर-सरकाघाट एनएच-03 पारच्छू के पास करीब एक घंटे तक बाधित रहा। कुल्लू और लाहौल-स्पीति में भी रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहा।
उदयपुर-किलाड़ मार्ग कडू नाला के पास भूस्खलन से बंद
उदयपुर-किलाड़ मार्ग कडू नाला के पास भूस्खलन से बंद हो गया। लाहौल घाटी के अति दुर्गम क्षेत्र मयाड़ के धौंधल नाले में बाढ़ आ गई। इससे नाले पर बना अस्थायी पुल क्षतिग्रस्त हो गया है। क्षेत्र की सात गांवों के लोगों की परेशानी बढ़ गई है। वीरवार शाम करीब 5 बजे नाले में बाढ़ आ गई। पुल टूटने से करपट, रुवलिंग, तिंगरेट, चांगुट, उडगोस, छालिंग और खंजर गांव के लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। सिरमौर जिले में बारिश-भूस्खलन से कई सड़कें बंद होने से यातायात प्रभावित रहा। सोलन में दो घंटे बारिश से परवाणू-शिमला फोरलेन पर भी कई जगह पर पत्थर गिरे। हालांकि, यातायात सुचारु रहा।
27 से 29 जुलाई तक ऑरेंज अलर्ट
हिमाचल प्रदेश के तीन जिलों सोलन, सिरमौर और कांगड़ा में शुक्रवार को बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है। अन्य जिलों में भी बारिश के आसार हैं, लेकिन कोई चेतावनी जारी नहीं हुई है। 25 और 26 जुलाई को भी मौसम मिलाजुला बना रहेगा। 27 से 29 जुलाई तक मानसून अधिक सक्रिय होगा। इस दौरान कई जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है।
कहां पर कितनी हुई बारिश
मनाली 43
ऊना 29
नाहन 27
मशोबरा 25
कांगड़ा 24
धर्मशाला 18
शिमला 11
सोलन 9
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.